बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

ITI कॉलेज कुसमी में विद्यार्थियों का औद्योगिक भ्रमण, तकनीकी शिक्षा से हुए रूबरू

 

सिंगरौली /- शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रजनिया में संचालित नवीन व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत IT एवं Electronics and Hardware ट्रेड के विद्यार्थियों को व्यावहारिक एवं रोजगारपरक ज्ञान प्रदान करने के उद्देश्य से ITI कॉलेज कुसमी का औद्योगिक भ्रमण कराया गया। इस भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

औद्योगिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक कार्यक्षेत्र से जोड़ना तथा उन्हें आधुनिक तकनीकी उपकरणों एवं मशीनों के व्यावहारिक उपयोग से परिचित कराना था। IT ट्रेड के विद्यार्थियों को कंप्यूटर के विभिन्न भागों की जानकारी देते हुए CPU के आंतरिक भागों को भौतिक रूप से दिखाया गया। विद्यार्थियों ने CPU के अंदर लगे विभिन्न घटकों को नजदीक से देखा तथा उनके कार्यों को समझा।

इसके साथ ही विद्यार्थियों को कंप्यूटर मेमोरी, स्टोरेज एवं विभिन्न एप्लीकेशन सॉफ्टवेयर के बारे में जानकारी दी गई। एप्लीकेशन सॉफ्टवेयर का उपयोग किस प्रकार विभिन्न दैनिक एवं व्यावसायिक कार्यों में किया जाता है, इसे उदाहरणों एवं व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से समझाया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि IT क्षेत्र में तकनीकी दक्षता हासिल कर वे भविष्य में विभिन्न प्रकार के रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं।

वहीं Electronics and Hardware ट्रेड के विद्यार्थियों को ITI कॉलेज की इलेक्ट्रॉनिक्स लैब का भ्रमण कराया गया। लैब में संचालित विभिन्न मशीनों एवं उपकरणों के बारे में जानकारी देते हुए उनके उपयोग एवं कार्यप्रणाली को समझाया गया। विद्यार्थियों को Electrical एवं Electronics के बीच अंतर को सरल तरीके से समझाया गया तथा विभिन्न उपकरणों के माध्यम से उनके व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी गई।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न प्रैक्टिकल गतिविधियों के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक्स से संबंधित तकनीकी बारीकियों को समझने का अवसर मिला। विद्यार्थियों ने मशीनों एवं उपकरणों को नजदीक से देखकर उनकी कार्यप्रणाली को समझा और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को तकनीकी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार, स्वरोजगार एवं कौशल आधारित अवसरों के बारे में भी जानकारी दी गई। विद्यालय द्वारा आयोजित यह औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए काफी ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी रहा। इससे विद्यार्थियों में तकनीकी शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ने के साथ-साथ अपने भविष्य के करियर को लेकर जागरूकता भी बढ़ी।

औद्योगिक भ्रमण में प्रभारी प्राचार्य श्री राजबहोर पनिका, जन शिक्षक श्री विनोद जायसवाल, श्री राजकरण साहू, श्री हेम चंद्र साहू, श्री जितेंद्र साहू, शिक्षिका श्रीमती माधुरी द्विवेदी, IT/ITES VT श्री गौरव पाण्डेय एवं E&H VT श्री अतुल कुमार जायसवाल उपस्थित रहे।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर वास्तविक कार्यक्षेत्र की समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के व्यावहारिक कौशल, तकनीकी दक्षता एवं रोजगार क्षमता को विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

Author

Related Articles

Back to top button