बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

प्रयागराज जा रही ट्रेन पर पथराव, खिड़की के शीशे टूटे

खरगापुर के पास एस-1 और जनरल कोच को बनाया निशाना, एक यात्री के घायल होने की सूचना

टीकमगढ़। मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले में खरगापुर रेलवे स्टेशन के पास डॉ. आंबेडकर नगर (इंदौर)-प्रयागराज एक्सप्रेस पर अज्ञात लोगों ने पथराव कर दिया। ट्रैक किनारे से चलती ट्रेन को निशाना बनाकर फेंके गए पत्थरों से एस-1 स्लीपर और जनरल कोच की खिड़कियों के शीशे टूट गए। अचानक हुए पथराव से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना में एक यात्री के सिर में पत्थर लगने की सूचना है।

बताया गया कि ट्रेन खरगापुर के आसपास से गुजर रही थी, तभी अचानक ट्रैक के किनारे से पत्थर फेंके जाने लगे। कुछ पत्थर खिड़की के शीशे तोड़ते हुए कोच के अंदर तक पहुंच गए। ट्रेन में सवार छतरपुर निवासी रविंद्र सिंह ने बताया कि घटना के बाद यात्रियों ने रेलवे स्टाफ और अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।

ट्रेन के सफाई कर्मचारी हर्ष कार रावत के अनुसार, इससे पहले 3 अक्टूबर को भी ईसानगर से खरगापुर के बीच इसी ट्रेन पर पथराव की घटना हुई थी। उस समय रेलवे पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत की गई थी। पांच दिन के भीतर दोबारा पथराव की घटना सामने आने से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ट्रैक के आसपास लगे क्षेत्रों में पथराव करने वाले अज्ञात लोगों की तलाश कर रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि पत्थर किस स्थान से और किन लोगों ने फेंके थे। रेलवे पुलिस घटना के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्र की जानकारी भी जुटा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button