साइकिल वितरण में लापरवाही पड़ी भारी, बैढ़न के बीआरसी फूलचंद पटेल निलंबित

सिंगरौली। निःशुल्क साइकिल वितरण योजना में लापरवाही बरतना बैढ़न के बीआरसी फूलचंद पटेल को भारी पड़ गया। साइकिल वितरण के लिए संबंधित एजेंसी को साइकिल की पावती उपलब्ध नहीं कराने और शासन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना के मामले में लोक शिक्षण आयुक्त मध्यप्रदेश ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
लोक शिक्षण आयुक्त द्वारा 6 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश में फूलचंद पटेल, बीआरसी बैढ़न एवं मूल पद उच्च माध्यमिक शिक्षक, के खिलाफ मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है।
बीईओ कार्यालय बैढ़न रहेगा मुख्यालय
निलंबन अवधि के दौरान फूलचंद पटेल का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बैढ़न, जिला सिंगरौली निर्धारित किया गया है। आदेश के अनुसार निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।
साइकिल वितरण व्यवस्था पर भी उठे सवाल
बीआरसी के निलंबन के बाद निःशुल्क साइकिल वितरण योजना की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। साइकिल की पावती संबंधित एजेंसी को उपलब्ध नहीं कराने की स्थिति क्यों बनी और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के बावजूद लापरवाही कैसे हुई, यह जांच का विषय माना जा रहा है। विभागीय कार्रवाई के बाद अब मामले में जिम्मेदारी तय होने की उम्मीद है।













