चिड़ियाघर के गेट पर पति से बिछड़ी 18 वर्षीय विवाहिता, युवक की बाइक पर जाती दिखी
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने शुरू की तलाश, पति ने युवक पर जताया आशंका

ग्वालियर। शिवपुरी जिले के नरवर क्षेत्र से पति के साथ ग्वालियर घूमने आई 18 वर्षीय विवाहिता चिड़ियाघर के बाहर से अचानक लापता हो गई। महिला के पति के मुताबिक, मंगलवार को दोनों बाइक से ग्वालियर आए थे। इसी दौरान पत्नी ने चिड़ियाघर घूमने की इच्छा जताई। दोनों चिड़ियाघर पहुंचे, जहां पति बाइक पार्क करने चला गया। कुछ देर बाद लौटने पर पत्नी वहां नहीं मिली।
काफी तलाश के बाद भी महिला का पता नहीं चलने पर पति ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने चिड़ियाघर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में महिला एक युवक की बाइक पर बैठकर महल गेट की ओर जाती दिखाई दी।
पति ने युवक पर जताया शक
पुलिस के अनुसार, महिला के पति ने अरमान खान नाम के युवक पर पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई है। हालांकि युवक की भूमिका और महिला के उसके साथ जाने की वास्तविक परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला चिड़ियाघर से निकलने के बाद किस दिशा में गई और उसके बाद वह कहां पहुंची। आसपास के अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि महिला के मिलने और उसके बयान दर्ज होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस महिला की तलाश के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाइक सवार युवक की भी जानकारी जुटा रही है।













