नवोदय विद्यालय के नए परिसर में पौधारोपण, विद्यार्थियों ने दिया हरियाली का संदेश
वन परिक्षेत्र माड़ा और विद्यालय परिवार की संयुक्त पहल, पौधों की देखभाल के प्रति किया जागरूक

सिंगरौली। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वन परिक्षेत्र माड़ा एवं जवाहर नवोदय विद्यालय सिंगरौली के संयुक्त तत्वावधान में विद्यालय के नए परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यालय के स्टाफ और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पौधे लगाए।
वन परिक्षेत्र अधिकारी पुष्पा सिंह की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है। पेड़-पौधे पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने और हरित वातावरण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वन विभाग और विद्यालय परिवार की इस संयुक्त पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ना है। कार्यक्रम के जरिए नई पीढ़ी को हरियाली बढ़ाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।













