तियरा स्कूल में जल्द शुरू होगी जेईई ऑनलाइन कोचिंग
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को नीट की तैयारी के लिए किया प्रेरित, व्यावसायिक प्रशिक्षण पर भी जोर

सिंगरौली, 9 अक्टूबर। जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर गौरव बैनल ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तियरा का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने शनिवार से शुरू होने वाली निःशुल्क नीट ऑनलाइन कोचिंग में नियमित भागीदारी कर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों की मांग पर उन्होंने जल्द जेईई ऑनलाइन कोचिंग शुरू कराने का आश्वासन दिया।
कलेक्टर ने कहा कि डीएमएफ एवं सीएसआर मद से विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय व्यावसायिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी, ताकि वे कौशल विकसित कर आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने प्राचार्य को करियर काउंसलिंग और आरसेटी जैसी संस्थाओं के माध्यम से प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने ब्यूटी एवं वेलनेस लैब का अवलोकन किया तथा कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने, ऑनलाइन कक्षाओं की समुचित व्यवस्था और विद्यालय में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ संघप्रिय और जिला शिक्षा अधिकारी कविता त्रिपाठी उपस्थित रहीं।













