बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

तियरा माइनिंग कॉलेज का फेज-1 अंतिम चरण में, कलेक्टर ने दिए आवश्यक निर्देश

56 करोड़ रुपये से हो रहा निर्माण, 30 करोड़ की लागत से फेज-2 की तैयारी

सिंगरौली, 9 अक्टूबर। जनविश्वास कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्टर गौरव बैनल ने तियरा में निर्माणाधीन माइनिंग कॉलेज का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। लगभग 56 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे कॉलेज के फेज-1 का कार्य अंतिम चरण में है। कलेक्टर ने शेष निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कॉलेज में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके लिए नल-जल योजना की पाइपलाइन अथवा वैकल्पिक माध्यम से पानी उपलब्ध कराने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने लाइब्रेरी में विद्यार्थियों के लिए व्यवस्थित स्टडी एरिया विकसित करने तथा कक्षाओं में पर्याप्त प्रकाश और वेंटिलेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। आवश्यकता के अनुसार रैंप निर्माण के निर्देश भी दिए।

फेज-1 में कॉलेज भवन, लाइब्रेरी और हॉस्टल का निर्माण शामिल है। वहीं, लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित फेज-2 में ऑडिटोरियम, गेस्ट हाउस, अतिरिक्त हॉस्टल और फर्नीचर सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ संघप्रिय और पीआईयू की कार्यपालन यंत्री देवयानी सिंह उपस्थित रहीं।

Author

Related Articles

Back to top button