बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

तियरा में जन विश्वास शिविर, राज्यमंत्री राधा सिंह ने सुनीं लोगों की समस्याएं

पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ देने के निर्देश, स्वरोजगार के लिए छह हितग्राहियों को मिला ऋण

सिंगरौली, 9 अक्टूबर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से तियरा में जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मध्यप्रदेश शासन की पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह ने आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समयसीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, कलेक्टर गौरव बैनल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अर्चना सिंह, पूर्व विधायक सुभाष वर्मा तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संघप्रिय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

हर पात्र हितग्राही तक पहुंचे योजनाओं का लाभ

शिविर को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री राधा सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण तथा जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों एवं वंचित वर्गों के हित में निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। साथ ही मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने पर जोर दिया।

विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे तथा सभी नागरिकों को पारदर्शिता के साथ योजनाओं का लाभ मिले।

आयुष्मान कार्ड और पेंशन योजनाओं से हितग्राही लाभान्वित

शिविर के दौरान आयुष्मान भारत योजना के तहत पंकज कुमार वैश्य को पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा के लिए आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया। मछुआ किसान क्रेडिट कार्ड योजना के अंतर्गत आदिवासी मछुआ सहकारी समिति मर्यादित, तियरा को तीन लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई।

मुख्यमंत्री सामाजिक सुरक्षा कल्याणी पेंशन योजना के अंतर्गत भगवंती को लाभान्वित किया गया। वहीं, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत शिवकुमारी शाह, प्रभावती, राजायाक साकेत एवं कैरी यादव को पेंशन योजना का लाभ प्रदान किया गया। लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत कु. अंशिका शाह को प्रमाण-पत्र दिया गया।

छह हितग्राहियों को स्वरोजगार के लिए ऋण स्वीकृत

मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए छह हितग्राहियों को ऋण राशि स्वीकृत की गई। इनमें दीपक कुमार शाह को मोबाइल शॉप के लिए पांच लाख रुपये, अरविंद कुमार शाह को मोबाइल शॉप के लिए चार लाख 84 हजार रुपये, शिवकुमार बंसल और पुष्पा देवी बंसल को किराना स्टोर के लिए दो-दो लाख रुपये, अकेश कुमार नाई को मोबाइल रिपेयरिंग के लिए दो लाख रुपये तथा विजय कुमार वैश्य को गारमेंट शॉप के लिए सात लाख रुपये की ऋण राशि स्वीकृत की गई।

इन योजनाओं के माध्यम से हितग्राहियों को स्वास्थ्य सुरक्षा, आर्थिक सहायता, पेंशन और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहित किया गया।

शिविर में एसडीएम सिंगरौली सुरेश जाधव, एसडीएम माड़ा नंदन तिवारी, जिला शिक्षा अधिकारी कविता त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह, उपसंचालक खनिज आकांक्षा पटेल, जिला आपूर्ति अधिकारी पी.सी. चंद्रवंशी, उपसंचालक कृषि मनोज सिंह तथा सीईओ जनपद पंचायत बैढ़न अजीत बरबा सहित जिला एवं खंड स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button