बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सबसे ज्यादा राजस्व देने वाला सिंगरौली विकास में पीछे क्यों? विधानसभा में मुद्दा उठाएंगे आरिफ मसूद

कांग्रेस विधायक के पहले सिंगरौली दौरे पर बिलौंजी में मुस्लिम एकता सम्मेलन, आरक्षण के मुद्दे पर भी प्रदेश सरकार को घेरा

सिंगरौली। भोपाल मध्य से कांग्रेस विधायक एवं ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सदस्य आरिफ मसूद शनिवार को पहली बार सिंगरौली पहुंचे। ट्रेन विलंब से चलने के कारण वे करीब 6 घंटे की देरी से बैढ़न पहुंचे। बरगवां रेलवे स्टेशन से बैढ़न तक जगह-जगह उनका स्वागत किया गया। उनके आगमन पर बिलौंजी स्थित अटल सामुदायिक भवन में मुस्लिम एकता सम्मेलन आयोजित हुआ, जिसमें जिलेभर से अल्पसंख्यक समुदाय के प्रतिनिधियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

सम्मेलन के दौरान समुदाय से जुड़े मुद्दों के साथ सिंगरौली की बुनियादी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। मीडिया से बातचीत में विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि सिंगरौली मध्य प्रदेश को बड़े पैमाने पर राजस्व देता है, इसके बावजूद जिले को अपेक्षित विकास नहीं मिल रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सिंगरौली की समस्याओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को आगामी विधानसभा सत्र में प्रमुखता से उठाएंगे।

आरक्षण के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को घेरते हुए मसूद ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने आरक्षण दिया था, लेकिन मौजूदा सरकार न्यायालय में अपना पक्ष मजबूती से रखने में नाकाम रही। उन्होंने कहा कि आरक्षण से जुड़े विषयों पर सरकार की भूमिका और प्रयासों पर सवाल उठाए जाने चाहिए।

विधायक ने कहा कि सिंगरौली की समस्याओं को सदन में उठाकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाएगा। सम्मेलन में वैढ़न जामा मस्जिद के सदर शाहनवाज खान मिन्हाज सहित मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधि और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Author

Related Articles

Back to top button