नवरात्रि और दशहरा को लेकर सिंगरौली पुलिस अलर्ट, जिलेभर में शांति समिति की बैठकें
पूजा पंडालों में सीसीटीवी, अग्निशमन उपकरण और सुरक्षित विद्युत व्यवस्था के निर्देश, डीजे संचालकों को नियमों का पालन करने की हिदायत

सिंगरौली। शारदीय नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सिंगरौली पुलिस ने जिलेभर में तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की गईं। इनमें दुर्गा पूजा आयोजन समितियों, डीजे संचालकों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई।
बैठकों में पूजा पंडालों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षित विद्युत कनेक्शन, अग्निशमन उपकरण, सीसीटीवी कैमरे, प्रवेश एवं निकास मार्गों को व्यवस्थित रखने तथा स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था तथा आपातकालीन सेवाओं के सुचारु संचालन पर भी विशेष जोर दिया गया।
पुलिस ने डीजे संचालकों को निर्धारित ध्वनि सीमा, समय-सीमा और अनुमति संबंधी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। वहीं, दशहरा पर्व पर रावण दहन स्थलों की सुरक्षा, अग्निशमन व्यवस्था तथा प्रतिमा विसर्जन के निर्धारित मार्गों और विसर्जन स्थलों पर आवश्यक इंतजाम करने को कहा गया।
सिंगरौली पुलिस ने आयोजन समितियों और नागरिकों से त्योहारों को आपसी सद्भाव एवं सामाजिक समरसता के साथ मनाने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या भ्रामक सूचना की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने अथवा डायल-112 पर देने का आग्रह किया है।













