बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

मोरवा में अंतर्राज्यीय पुलिस समन्वय बैठक, अपराधियों की धरपकड़ के लिए बनेगी संयुक्त रणनीति

मादक पदार्थों की तस्करी, फरार आरोपियों, स्थायी वारंटियों और अवैध कबाड़ परिवहन पर कार्रवाई के लिए मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश पुलिस ने साझा की जानकारी

सिंगरौली। सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से थाना मोरवा में अंतर्राज्यीय पुलिस समन्वय बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में हुई बैठक में मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के पुलिस अधिकारियों ने अपराधों की रोकथाम तथा संयुक्त कार्रवाई को लेकर चर्चा की।

बैठक में एसडीओपी सिंगरौली अमित कुमार, मोरवा थाना प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेन्द्र सिंह, पिपरी क्षेत्राधिकारी हर्ष पाण्डेय और अनपरा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश चौबे उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों, मादक पदार्थों की तस्करी के संभावित मार्गों और तस्करी के तरीकों से संबंधित सूचनाओं का आदान-प्रदान किया गया। दोनों राज्यों के अधिकारियों ने पिछले 10 वर्षों में दर्ज एनडीपीएस मामलों की सूचियां साझा कर उनकी समीक्षा भी की।

इसके अलावा फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की सूची साझा कर उनकी गिरफ्तारी तथा लंबित वारंटों की तामीली के लिए समन्वित प्रयास करने पर सहमति बनी। चोरी के कबाड़, चोरी की संपत्ति के परिवहन और अवैध कबाड़ की आवाजाही रोकने के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

अधिकारियों ने तय किया कि आवश्यकता पड़ने पर वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति से संयुक्त दबिश और कार्रवाई की जाएगी। साथ ही महत्वपूर्ण सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान कर आपसी समन्वय बनाए रखा जाएगा।

सिंगरौली पुलिस के अनुसार, इस बैठक का उद्देश्य अंतर्राज्यीय सहयोग को मजबूत कर सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा को अधिक प्रभावी बनाना है।

Author

Related Articles

Back to top button