प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत जनजातीय हितग्राहियों से 23 अक्टूबर तक आमंत्रित किए गए आवेदन
मत्स्य पालन एवं संबंधित गतिविधियों के लिए मिलेगा 90 प्रतिशत अनुदान
सिंगरौली, 12 अक्टूबर 2026/ धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के माध्यम से अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को मत्स्य पालन एवं इससे संबंधित गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। योजना के तहत सिंगरौली जिले के चयनित ग्रामों में निवासरत अनुसूचित जनजाति वर्ग के पात्र हितग्राहियों से विभिन्न गतिविधियों के लिए 23 अक्टूबर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के अंतर्गत बैकयार्ड मिनी आरएएस, बायोफ्लॉक पॉन्ड, बायोफ्लॉक इकाई, आइस बॉक्स सहित मोटरसाइकिल, साइकिल एवं ऑटो रिक्शा, स्वयं की भूमि पर तालाब अथवा संवर्धन पोखरा निर्माण, कोल्ड स्टोरेज तथा फिश कियोस्क जैसी गतिविधियों के लिए अनुदान का प्रावधान है। पात्र हितग्राहियों को संबंधित गतिविधि की निर्धारित इकाई लागत का 90 प्रतिशत अनुदान शासन द्वारा कार्य पूर्ण होने तथा मूल्यांकन के उपरांत प्रदान किया जाएगा।
इच्छुक एवं पात्र हितग्राही योजना का लाभ लेने के लिए मत्स्योद्योग विभाग के जिला कार्यालय, संबंधित जनपद पंचायत कार्यालय अथवा आजीविका मिशन से संपर्क कर आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। सहायक संचालक मत्स्योद्योग ने जिले के चयनित ग्रामों में निवासरत अनुसूचित जनजाति वर्ग के पात्र हितग्राहियों से योजना का लाभ लेने की अपील की है। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए जिला मत्स्योद्योग कार्यालय, सिंगरौली में संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त मोबाइल नंबर 7987697748 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।












