बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

परसौना-निगाही सड़क की मरम्मत पर उठे सवाल, कांग्रेस पार्षद रामगोपाल पाल ने संविदाकार पर लगाए लीपापोती के आरोप

मरम्मत के कुछ समय बाद ही फिर उभरे गड्ढे, कलेक्टर से करेंगे शिकायत; कार्रवाई नहीं होने पर कांग्रेस करेगी प्रदर्शन

सिंगरौली। परसौना से निगाही तक सड़क की मरम्मत में कथित लापरवाही को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) के माध्यम से संविदाकार द्वारा कुछ समय पहले सड़क के गड्ढों को भरने का काम कराया गया था, लेकिन मरम्मत के कुछ ही समय बाद सड़क की हालत फिर पहले जैसी हो गई। जगह-जगह गड्ढे उभर आने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, खराब सड़क के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है और कई लोग घायल हो चुके हैं।

इस मामले में वार्ड क्रमांक 45 के कांग्रेस पार्षद रामगोपाल पाल ने संविदाकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क मरम्मत के नाम पर केवल लीपापोती की गई है। यदि मरम्मत के कुछ समय बाद ही सड़क दोबारा गड्ढों में तब्दील हो रही है, तो इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता और विभागीय निगरानी पर सवाल खड़े होते हैं।

कलेक्टर से करेंगे शिकायत

पार्षद रामगोपाल पाल ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर पूर्व में भी संबंधित अधिकारियों को पत्र दिया जा चुका है। अब वह कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर सड़क मरम्मत कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने और लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार संविदाकार एवं संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करेंगे।

उन्होंने कहा कि सड़क की समस्या का समाधान नहीं हुआ और शिकायत के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो कांग्रेस पार्टी के बैनर तले आंदोलन और प्रदर्शन किया जाएगा।

मरम्मत की गुणवत्ता की जांच की मांग

परसौना से निगाही तक सड़क पर दोबारा गड्ढे उभरने से मरम्मत कार्य की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं। अब निगाहें संबंधित विभाग पर टिकी हैं कि वह सड़क का निरीक्षण कराकर मरम्मत कार्य की तकनीकी जांच कराता है या नहीं। साथ ही यह भी स्पष्ट करना जरूरी होगा कि मरम्मत पर खर्च की गई राशि के अनुरूप काम हुआ या नहीं। फिलहाल स्थानीय लोगों को सड़क की बदहाली से राहत मिलने का इंतजार है।

Author

Related Articles

Back to top button