एनटीपीसी विंध्याचल के क्वालिटी सर्कल सम्मेलन में विंध्य वाइकिंग्स टीम ने मारी बाजी
16 टीमों ने प्रस्तुत किए नवाचार और कार्यस्थल की समस्याओं के समाधान, उन्नति दूसरे और विंध्य विक्टर्स तीसरे स्थान पर रहे

सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल में नवाचार, गुणवत्ता और निरंतर सुधार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से परियोजना स्तरीय क्वालिटी सर्कल सम्मेलन-2026 का सफल आयोजन किया गया। सम्मेलन में कर्मचारियों ने कार्यस्थल की व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए अपने अभिनव विचार और कार्यशील मॉडल प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में टीम विंध्य वाइकिंग्स ने प्रथम स्थान हासिल कर विजेता का खिताब अपने नाम किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) एम. सुरेश ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक देबब्रत त्रिपाठी, डॉ. बी.के. भराली, निर्मल कुमार सिंह, एच.पी. देवांगन, सी.बी. ओझा तथा मानव संसाधन प्रमुख अनिरुद्ध सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
उद्घाटन संबोधन में एम. सुरेश ने गुणवत्ता मंडल की टीमों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि प्रचालन उत्कृष्टता को बढ़ावा देने में व्यावसायिक उत्कृष्टता विभाग और गुणवत्ता मंडलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कर्मचारियों को नवाचार और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार के लिए प्रोत्साहित किया।
सम्मेलन में कुल 16 गुणवत्ता मंडल टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने कार्यस्थल पर आने वाली चुनौतियों, उनके व्यावहारिक समाधान और कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए तैयार किए गए मॉडल प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों में टीम भावना, रचनात्मक सोच और समस्या समाधान की क्षमता देखने को मिली।

प्रतियोगिता का मूल्यांकन अपर महाप्रबंधक राजीव कुमार, अपर महाप्रबंधक रंजन कुमार तथा क्यूसीएफआई वाराणसी से आमंत्रित वरिष्ठ संकाय सदस्य एवं परामर्शदाता आरिफ हुसैन ने किया। निर्णायकों ने टीमों को महत्वपूर्ण सुझाव और मार्गदर्शन भी दिया।
समापन समारोह में टीम विंध्य वाइकिंग्स को प्रथम, टीम उन्नति को द्वितीय तथा टीम विंध्य विक्टर्स को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं टीम प्रगति चक्र, टीम नवीन और टीम ब्लैक डायमंड को सांत्वना पुरस्कार मिला।
सम्मेलन ने कर्मचारियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ ही एनटीपीसी विंध्याचल में गुणवत्ता, नवाचार, सामूहिक सहभागिता और निरंतर सुधार की कार्यसंस्कृति को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।













