बाल विज्ञान कांग्रेस में शासकीय हाई स्कूल शाहपुर का परचम, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित
कक्षा 6वीं के कृष्णा साकेत और अवनीश साकेत ने जल अपव्यय रोकने पर प्रस्तुत किया शोध, वरिष्ठ वर्ग में मॉडल स्कूल बैढ़न को मिला प्रथम स्थान

सिंगरौली। जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026-27 में शासकीय हाई स्कूल शाहपुर के नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच और शोध क्षमता का परिचय देते हुए प्रथम स्थान हासिल किया है। विद्यालय के कक्षा 6वीं के छात्र कृष्णा साकेत एवं अवनीश साकेत ने जल अपव्यय और उसके संरक्षण से जुड़े विषय पर अपना शोध प्रस्तुत किया। उनके शोध को निर्णायकों ने सराहा और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने समाज और पर्यावरण से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर अपने शोध एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण प्रस्तुत किए। वहीं वरिष्ठ वर्ग में शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैढ़न ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
शाहपुर विद्यालय की इस उपलब्धि पर प्राचार्य श्रीमती अर्चना मिश्रा ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों की मेहनत और वैज्ञानिक प्रतिभा की सराहना की।
बाल विज्ञान कांग्रेस के जिला समन्वयक संदीप त्रिपाठी एवं शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैढ़न के प्राचार्य एसडी पाण्डेय के नेतृत्व में जिला स्तरीय आयोजन संपन्न हुआ। विद्यार्थियों ने अपने शोध के माध्यम से जल संरक्षण सहित समाज की विभिन्न समस्याओं के समाधान पर विचार प्रस्तुत किए।
छात्रों के मार्गदर्शक शिक्षक शरद कुमार पाण्डेय ने बताया कि इस सफलता के पीछे विद्यार्थियों की कई महीनों की मेहनत है। बच्चों के अभिभावकों और विद्यालय परिवार का भी इसमें महत्वपूर्ण सहयोग रहा है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि से विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी विज्ञान एवं शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।













