राजस्थान में सड़क निर्माण के दौरान बड़ा हादसा, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर 8 मजदूरों की मौत, 5 झुलसे

झुंझुनूं। राजस्थान के झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी क्षेत्र के छापोली गांव में सोमवार को सड़क निर्माण के दौरान भीषण हादसा हो गया। कदम कुंड मार्ग पर काम कर रही रोड़ी मिलाने वाली मशीन अचानक ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। मशीन में करंट फैलने से काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में 8 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 गंभीर रूप से झुलस गए।
घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू कराया। उदयपुरवाटी एसएचओ रामपाल के मुताबिक बजरी मिलाने वाली मशीन बिजली लाइन से टकराने के कारण हादसा हुआ। घटना के बाद ग्रामीणों ने धरना शुरू कर दिया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर दुख जताते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार, प्रभावित परिवारों को सहायता और घटना की जांच के निर्देश दिए हैं।













