देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

झारखंड की दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसा, 5 की मौत और 14 घायल; अंतिम संस्कार के लिए जा रहे थे लोग

हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले की दनुआ घाटी में सोमवार को भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए। महानेटांड कट के पास सड़क किनारे खड़े सवारी वाहन को पीछे से तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। इसके बाद कोयले से लदा एक ट्रक भी सवारी वाहन से टकराकर घाटी में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड के अटका गांव से डेढ़ दर्जन से अधिक लोग एक सवारी वाहन में सवार होकर वाराणसी जा रहे थे। वे गांव के एक व्यक्ति का अंतिम संस्कार करने निकले थे। शव को वाहन की छत पर बांधा गया था। दनुआ घाटी में महानेटांड कट के पास शव बांधने वाली रस्सी खुल गई, जिसके बाद वाहन को सड़क किनारे रोककर लोग रस्सी ठीक करने लगे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 14 घायल हो गए।

ट्रेलर के बाद ट्रक भी टकराया

टक्कर के बाद ट्रेलर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। इसी बीच पीछे से आ रहा कोयले से लदा ट्रक भी सवारी वाहन से टकराकर अनियंत्रित हो गया और घाटी में पलट गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त वाहन से घायलों को निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई।

घायलों को हजारीबाग किया गया रेफर

सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। घायलों को चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया।

Author

Related Articles

Back to top button