देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

कांग्रेस के चंदे में 75 फीसदी की गिरावट, 517 करोड़ से घटकर 130.69 करोड़ रुपये रह गया योगदान

नई दिल्ली। कांग्रेस को वित्त वर्ष 2025-26 में मिलने वाले बड़े चंदे में करीब 75 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। निर्वाचन आयोग में दाखिल पार्टी की योगदान रिपोर्ट के अनुसार, कांग्रेस को 20 हजार रुपये से अधिक के योगदान के रूप में 130.69 करोड़ रुपये मिले, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह राशि 517.39 करोड़ रुपये थी। इस तरह एक साल में पार्टी के चंदे में 386.70 करोड़ रुपये की कमी आई है।

प्रूडेंट ट्रस्ट का योगदान घटा

चंदे में गिरावट की प्रमुख वजह प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट से मिलने वाली राशि में कमी मानी जा रही है। ट्रस्ट ने 2024-25 में कांग्रेस को 216.34 करोड़ रुपये दिए थे, जो 2025-26 में घटकर 25 करोड़ रुपये रह गए। इसके अलावा स्टार सीमेंट ने 5 करोड़, सज्जन भजंका ने 4 करोड़ और प्रेम कुमार भजंका ने 2 करोड़ रुपये का योगदान दिया।

12 साल में दूसरी बड़ी गिरावट

पिछले 12 वित्त वर्षों के आंकड़ों में इससे बड़ी गिरावट 2015-16 में दर्ज हुई थी, जब कांग्रेस के घोषित चंदे में करीब 86 फीसदी की कमी आई थी। इसके बाद 2023-24 में पार्टी को 281.48 करोड़ और 2024-25 में 517.39 करोड़ रुपये मिले थे। लोकसभा चुनाव वाले वर्ष में बढ़ोतरी के बाद 2025-26 में चंदे में बड़ी कमी दर्ज की गई।

बीजेपी से तुलना

वित्त वर्ष 2024-25 में बीजेपी को 20 हजार रुपये से अधिक के योगदान के रूप में 6,074.02 करोड़ रुपये मिले थे, जो कांग्रेस की तुलना में करीब 12 गुना अधिक थे। हालांकि, 2025-26 के लिए बीजेपी की योगदान रिपोर्ट अभी सार्वजनिक नहीं हुई है।

इन आंकड़ों में चुनावी बॉण्ड से मिले चंदे को शामिल नहीं किया गया है। साथ ही योगदान रिपोर्ट में सदस्यता शुल्क, कूपन से होने वाली आय, छोटी रकम के चंदे और बैंक जमा पर मिलने वाला ब्याज शामिल नहीं होता। कांग्रेस की 2025-26 की ऑडिट रिपोर्ट भी अभी सार्वजनिक नहीं हुई है। इसलिए इन आंकड़ों से पार्टी की कुल आय या समग्र वित्तीय स्थिति का आकलन नहीं किया जा सकता।

Author

Related Articles

Back to top button