दमोह में कुएं से महिला और तीन माह के मासूम का शव बरामद, पुलिस जांच में जुटी

दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-1 स्थित कुएं से एक महिला और उसके तीन माह के बेटे का शव बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान झरौली गांव निवासी 35 वर्षीय जयंती केवट, पत्नी दुर्गा केवट और उसके तीन माह के पुत्र देवांश के रूप में हुई है। बताया गया कि जयंती अपने भाई की तेरहवीं में शामिल होने के लिए तेंदूखेड़ा आई थी। परिजनों के अनुसार, वह शुक्रवार रात से लापता थी। शनिवार सुबह नगर पालिका कर्मचारियों ने कुएं में शव देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर तेंदूखेड़ा थाना प्रभारी रविंद्र बागरी मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को कुएं से बाहर निकलवाया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है।
परिजनों ने बताया कि जयंती पिछले करीब पांच वर्षों से बीमार थी और उसका इलाज जबलपुर में चल रहा था। इलाज के साथ-साथ झाड़-फूंक भी कराई गई थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला रात में घबराकर चिल्लाने लगती थी। पुलिस ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।













