सोने-चांदी के भाव में बड़ी गिरावट, चांदी 5,709 और सोना 956 रुपये सस्ता
एमसीएक्स पर चांदी 1.70 लाख रुपये प्रति किलो के करीब, सोना 1.35 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंचा

मुंबई। सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी है। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को वायदा बाजार खुलते ही दोनों कीमती धातुओं के भाव में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर चांदी 5,709 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती हुई, जबकि सोने की कीमत में 956 रुपये प्रति 10 ग्राम की कमी आई।
सोमवार सुबह 10 बजे एमसीएक्स पर चांदी 3.20 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,70,600 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी। वहीं, सोने का भाव 0.70 प्रतिशत टूटकर 1,35,749 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
खुदरा बाजार में भी कीमतों में नरमी
खुदरा बाजार में 16 नवंबर की सुबह दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,36,950 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई, जबकि मुंबई में इसका भाव 1,36,800 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 3,874.42 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था।
इससे पहले पिछले सप्ताह भी सोने-चांदी की कीमतों में कमजोरी देखी गई थी। इस दौरान 24 कैरेट सोना करीब 5,950 रुपये और 22 कैरेट सोना लगभग 5,450 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमत में करीब 4.5 प्रतिशत तक गिरावट दर्ज की गई थी।
खरीदारों की बाजार पर नजर
कीमती धातुओं के लगातार गिरते भाव से आभूषण खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि, आगे कीमतों का रुख अंतरराष्ट्रीय बाजार की परिस्थितियों और मांग पर निर्भर करेगा। खुदरा बाजार में सोने-चांदी के भाव शहर, विक्रेता, जीएसटी और मेकिंग चार्ज के आधार पर अलग-अलग हो सकते हैं।











