बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

जिला ट्रामा सेंटर में कलेक्टर का औचक निरीक्षण, दो महिला डॉक्टरों को नोटिस

ओपीडी में समय पर बैठने के निर्देश, निजी एंबुलेंस की आवाजाही पर लगाई रोक; स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार के लिए दिए निर्देश

सिंगरौली। जिला ट्रामा सेंटर की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने सोमवार को कलेक्टर अंकित अस्थाना ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई, डॉक्टरों की उपस्थिति और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। निर्धारित समय पर ड्यूटी पर नहीं पहुंचने वाली 2 महिला डॉक्टरों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान एक महिला डॉक्टर और लेबर रूम में तैनात दूसरी महिला डॉक्टर निर्धारित समय पर अस्पताल में उपस्थित नहीं मिलीं। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए दोनों को नोटिस जारी किया। उन्होंने निर्देश दिए कि ओपीडी में डॉक्टर समय पर उपस्थित रहें और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निजी एंबुलेंस की आवाजाही पर रोक

ट्रामा सेंटर से मरीजों को निजी अस्पतालों में रेफर किए जाने की शिकायतों को लेकर भी कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया। अस्पताल परिसर में निजी एंबुलेंस की आवाजाही पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि अस्पताल की व्यवस्थाओं पर निगरानी रखी जा सके।

निरीक्षण के दौरान पिछले दौरे की तुलना में अस्पताल की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं में सुधार दिखाई दिया। हालांकि, कुछ कमियां अभी भी सामने आईं। कलेक्टर ने इन कमियों को आगामी जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में रखकर उनके निराकरण की कार्रवाई करने की बात कही।

Author

Related Articles

Back to top button