अंबिकापुर में 6 पिल्लों को बोरी में बंद कर जिंदा जलाने का आरोप, सीसीटीवी फुटेज से फैला आक्रोश
नाबालिग बच्चों पर क्रूरता का आरोप, अधजले शव मिलने के बाद पशु प्रेमियों ने थाने में दर्ज कराई शिकायत

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में पशु क्रूरता का गंभीर मामला सामने आया है। कुछ नाबालिग बच्चों पर 6 पिल्लों को कथित तौर पर पीटने के बाद बोरी में बंद कर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का आरोप है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है। पिल्लों के अधजले शव काफी देर तक घटनास्थल पर पड़े रहे, जिन्हें आवारा कुत्ते नोचते रहे।
सीसीटीवी फुटेज में आग लगाते दिखे बच्चे
वायरल सीसीटीवी फुटेज में 5 से 6 बच्चे एक खाली मैदान में दिखाई दे रहे हैं। शुरुआत में वे वहां खेलते नजर आते हैं। मैदान में रखी एक सफेद बोरी में बाद में आग लगा दी जाती है। फुटेज में बच्चे बार-बार आग के पास पहुंचकर कचरा और अन्य ज्वलनशील सामग्री डालते दिख रहे हैं। करीब 2 मिनट तक आग को भड़काने की गतिविधियां कैमरे में रिकॉर्ड हुई हैं। आरोप है कि इसी बोरी में 6 पिल्लों को बंद कर आग के हवाले किया गया।
अधजले शव मिलने पर पशु प्रेमियों को दी सूचना
घटना का खुलासा शुक्रवार को हुआ, जब स्थानीय लोगों ने मैदान में पिल्लों के अधजले शव पड़े देखे। आवारा कुत्ते शवों को नोच रहे थे। यह दृश्य देखकर लोगों ने पशु प्रेमियों को सूचना दी। इसके बाद बेजुबान डॉग शेल्टर के संस्थापक सुधांशु शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने पिल्लों के शवों को वहां से हटवाया और गांधीनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने नाबालिगों की पहचान की
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल बताए जा रहे नाबालिगों की पहचान की है। उनके परिजनों को थाने बुलाकर मामले की जानकारी दी गई। पुलिस के अनुसार, सभी बच्चे नाबालिग हैं। उनकी उम्र और कथित संलिप्तता को देखते हुए किशोर न्याय कानून के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया पर विचार किया जा रहा है।
घटना के बाद पशु क्रूरता को लेकर लोगों में नाराजगी है। इस मामले ने बच्चों में जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता और पशुओं की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।











