जबलपुर से सिंगरौली लौट रही कार टैंकर से टकराई, आग लगने से 3 युवक गंभीर रूप से झुलसे
मैहर में नेशनल हाईवे-30 पर हादसा, टक्कर के बाद करीब 100 मीटर तक घिसटती रही कार; तीनों घायल बैढ़न के निवासी

मैहर। जबलपुर से घूमकर सिंगरौली लौट रहे 3 युवक रविवार रात मैहर में सड़क हादसे का शिकार हो गए। नेशनल हाईवे-30 पर तेज रफ्तार वरना कार आगे चल रहे टैंकर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर के बाद कार टैंकर के साथ करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई। इसके बाद कार में आग लग गई। हादसे में तीनों युवक घायल हो गए और आग से कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
घटना रात करीब 9:30 बजे सिमरन सरोवर होटल के पास हुई। कार क्रमांक एमपी 66 जेडसी 4783 में सवार तीनों युवक जबलपुर से घूमकर अपने घर बैढ़न लौट रहे थे। कार को टैंकर के साथ घिसटता देख चालक ने वाहन रोक दिया। इसी दौरान कार में आग लग गई। तीनों युवक किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे।
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड ने घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इस दौरान वहां से गुजर रहे युवा कांग्रेस के मैहर जिला अध्यक्ष सौरभ लल्ला शर्मा भी अपने साथियों के साथ रुक गए और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। जली हुई कार को सड़क से हटाने के बाद यातायात बहाल कराया गया।
तीनों घायलों का निजी अस्पताल में इलाज जारी
घायलों की पहचान विक्रमादित्य पांडेय (30), पिता रोहणी प्रसाद पांडेय, आशीष कुमार पांडेय (40), पिता हनुमान प्रसाद पांडेय और शिवेंद्र पांडेय (32), पिता सुशील कुमार पांडेय के रूप में हुई है। तीनों सिंगरौली जिले के बैढ़न के निवासी हैं।
कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार के मुताबिक, तीनों घायलों को मैहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।













