देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

थाईलैंड के फुकेट में भीषण अग्निकांड, 11 लोगों की मौत, 16 घायल

व्यावसायिक इमारत में तड़के लगी आग ने आसपास की कई इमारतों को लिया चपेट में, 2 घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू

बैंकॉक। थाईलैंड के प्रमुख पर्यटन स्थल फुकेट में भीषण अग्निकांड में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य घायल हो गए। आग एक व्यावसायिक इमारत में लगी और तेजी से फैलते हुए आसपास की कई इमारतों तक पहुंच गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

थाई अधिकारियों के मुताबिक, आग तड़के करीब 3:17 बजे एक कमर्शियल शॉपहाउस में लगी। इस इमारत में वाहन किराये पर देने का कारोबार संचालित होता था। आग ने देखते ही देखते आसपास की कई इमारतों को भी अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

घायलों में 15 थाई नागरिक और एक म्यांमार का निवासी

अधिकारियों ने बताया कि हादसे में घायल 16 लोगों में 15 थाई नागरिक और एक म्यांमार का नागरिक शामिल है। पुलिस के अनुसार, मृतकों और घायलों में कोई विदेशी पर्यटक शामिल नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है।

पटोंग बीच के पास रिहायशी-व्यावसायिक क्षेत्र में हादसा

आग की चपेट में आई इमारत फुकेट के पश्चिमी तट पर स्थित पटोंग बीच के नजदीक रिहायशी और व्यावसायिक क्षेत्र में है। पटोंग बीच थाईलैंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। पर्यटन क्षेत्र के पास हुए इस हादसे ने व्यावसायिक इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

गौरतलब है कि करीब 4 महीने पहले बैंकॉक के एक बार में भी भीषण आग लगी थी। उस घटना में कम से कम 27 लोगों की मौत हुई थी। थाईलैंड में लगातार सामने आ रहे अग्निकांडों के बाद सार्वजनिक और व्यावसायिक इमारतों में सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं।

Author

Related Articles

Back to top button