बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

धूल से बेहाल बलियरी के रहवासी, बोले- क्या हम टैक्स नहीं देते?

दो साल से जर्जर सड़क का निर्माण अधूरा, आधा दर्जन स्कूलों के बच्चों सहित सैकड़ों लोग परेशान; एक साल से खराब विद्युत पोल भी बना खतरा

सिंगरौली। अंबेडकर चौक से बलियरी जाने वाले मार्ग पर उड़ती धूल ने स्थानीय रहवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। करीब दो वर्षों से जर्जर सड़क के कारण आवागमन मुश्किल बना हुआ है। अब वाहनों की आवाजाही से उठने वाले धूल के गुबार घरों तक पहुंच रहे हैं। इससे लोगों का घरों में रहना तक मुश्किल हो गया है। नाराज वार्डवासियों ने सवाल उठाया है कि क्या वे नगर निगम को टैक्स नहीं देते, जो उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है?
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बरसात के दौरान सड़क पर जलभराव और गड्ढों की समस्या बनी रही, लेकिन अब धूल ने नई मुसीबत खड़ी कर दी है। सड़क निर्माण के लिए टेंडर हुए काफी समय बीत चुका है, इसके बावजूद काम शुरू नहीं हुआ। जर्जर मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं होने की बात भी रहवासियों ने कही है। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। यहां तक कि हाथ ठेला संचालकों के ठेले भी अनियंत्रित होकर पलट रहे हैं।

धूल से घरों में रहना मुश्किल
वार्डवासियों का कहना है कि नगर निगम के वाटर स्प्रिंकलर टैंकर शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर पानी का छिड़काव करते दिखाई देते हैं, लेकिन अंबेडकर चौक से बलियरी मार्ग पर नियमित छिड़काव नहीं कराया जा रहा है। इस मार्ग से आधा दर्जन स्कूलों के विद्यार्थियों, कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारियों और प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का आवागमन होता है। धूल के कारण बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को परेशानी हो रही है। लगातार धूल उड़ने से स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।

जर्जर विद्युत पोल से हादसे का खतरा
सड़क की बदहाली के साथ मार्ग पर लगा एक विद्युत पोल भी स्थानीय लोगों की चिंता का कारण बना हुआ है। वार्डवासियों के अनुसार, यह पोल करीब एक साल से जर्जर हालत में है और कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकता है। लोगों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेकर पुराने पोल को हटाने और नया पोल लगाने की मांग की है।

सड़क बनने तक पानी का छिड़काव कराने की मांग
स्थानीय रहवासियों ने वार्ड पार्षद, नगर निगम अध्यक्ष, महापौर और नगर निगम आयुक्त से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक सड़क निर्माण शुरू नहीं होता, तब तक वाटर स्प्रिंकलर टैंकर से नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाए। साथ ही दो वर्षों से लंबित सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाए, ताकि लोगों को धूल, दुर्घटनाओं और आवागमन की परेशानियों से राहत मिल सके।

Author

Related Articles

Back to top button