बगदरी स्कूल में मध्यान्ह भोजन पर सरपंच ने जताई नाराजगी
मेनू का पालन नहीं करने और बच्चों से थालियां धुलवाने का आरोप, स्व-सहायता समूह के खिलाफ कार्रवाई की मांग

सिंगरौली। चितरंगी तहसील की ग्राम पंचायत बगदरी स्थित माध्यमिक विद्यालय में मध्यान्ह भोजन व्यवस्था को लेकर सरपंच अवधेश यादव ने नाराजगी जताई है। औचक निरीक्षण के दौरान बच्चों को अपनी थालियां धोते देख उन्होंने आपत्ति दर्ज कराई। साथ ही पार्वती स्व-सहायता समूह पर निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन नहीं परोसने का आरोप लगाया।
सरपंच अवधेश यादव के मुताबिक, उन्होंने समूह संचालक से मेनू के अनुसार भोजन नहीं दिए जाने को लेकर सवाल किया तो कथित तौर पर जवाब मिला कि आप कौन होते हैं बोलने वाले? इस व्यवहार पर भी सरपंच ने नाराजगी जताई।
बताया गया है कि पार्वती स्व-सहायता समूह की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामसभा की बैठक में अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष बदलने का प्रस्ताव भी पारित किया जा चुका है। सरपंच ने मामले को गंभीर बताते हुए ग्राम पंचायत के लेटर पैड पर आवेदन तैयार किया और समूह के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने यह आवेदन चितरंगी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मान सिंह सैयाम और परियोजना अधिकारी को सौंपा है। अब संबंधित अधिकारियों की जांच और कार्रवाई पर नजर है। फिलहाल समूह पर लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।












