बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

देवसर में 10 जनवरी से शुरू होगा ‘नन्हा सा दिल’ हृदय रोग स्क्रीनिंग अभियान

20 हजार से अधिक बच्चों की जांच का लक्ष्य, प्रभावित बच्चों का होगा निःशुल्क उपचार एवं ऑपरेशन

सिंगरौली, 17 नवंबर 2026। बच्चों में जन्मजात हृदय रोग की समय पर पहचान एवं निःशुल्क उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘नन्हा सा दिल’ कार्यक्रम के द्वितीय चरण के तहत देवसर विकासखंड में 10 जनवरी से 10 फरवरी 2027 तक विशेष स्क्रीनिंग अभियान चलाया जाएगा। अभियान में 20 हजार से अधिक बच्चों की जांच का लक्ष्य रखा गया है।अभियान की तैयारियों को लेकर आयोजित समन्वय बैठक में एसडीएम देवसर डॉ. श्रीकृष्ण सुषिर ने पंचायत, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं महिला बाल विकास विभाग को व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए, ताकि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों तक भी योजना का लाभ पहुंचे।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में जिले में 10 हजार से अधिक बच्चों की स्क्रीनिंग की गई तथा 60 से अधिक बच्चों को निःशुल्क हृदय उपचार एवं ऑपरेशन का लाभ मिला। द्वितीय चरण में स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में बच्चों की जांच की जाएगी। हृदय रोग की पुष्टि होने पर श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में निःशुल्क उपचार एवं ऑपरेशन की सुविधा मिलेगी। बच्चों एवं अभिभावकों के आवागमन, आवास, भोजन, दवाइयों सहित उपचार संबंधी सभी आवश्यक खर्च कार्यक्रम के अंतर्गत वहन किए जाएंगे।अभियान में स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा पंचायत विभाग के साथ श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल सहयोग करेंगे। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड द्वारा सीएसआर मद से आर्थिक सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button