मध्यप्रदेश में बिजली की मांग ने बनाया नया रिकॉर्ड, 19,958 मेगावाट की खपत पर भी शत-प्रतिशत आपूर्ति
पिछले रिकॉर्ड से 63 मेगावाट अधिक रही मांग, मध्य क्षेत्र में भी 6,370 मेगावाट का नया शिखर

जबलपुर। मध्यप्रदेश में बिजली की मांग ने नया रिकॉर्ड कायम किया है। गुरुवार सुबह 8 बजकर 55 मिनट पर प्रदेश में बिजली की अधिकतम मांग 19,958 मेगावाट दर्ज की गई। खास बात यह रही कि रिकॉर्ड मांग के बावजूद विद्युत कंपनियों ने प्रदेशभर में शत-प्रतिशत बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की।
इससे पहले वित्तीय वर्ष 2025-26 में 14 जनवरी 2026 को प्रदेश में अधिकतम बिजली मांग 19,895 मेगावाट दर्ज की गई थी। इस बार मांग में 63 मेगावाट की वृद्धि हुई है।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यक्षेत्र में भी बिजली की मांग ने नया शिखर छुआ। यहां अधिकतम मांग 6,370 मेगावाट दर्ज की गई, जबकि पिछला रिकॉर्ड 14 जनवरी 2026 को 6,362 मेगावाट था। इस तरह मध्य क्षेत्र में मांग 8 मेगावाट बढ़ी है।
प्रदेश और मध्य क्षेत्र, दोनों में बिजली की अधिकतम मांग ने पुराने रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए। बढ़ती मांग के बीच निर्बाध आपूर्ति को विद्युत उत्पादन, पारेषण और वितरण कंपनियों के बेहतर समन्वय तथा तैयारियों का परिणाम माना जा रहा है।













