देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

कंपनियों के लिए फंडिंग का प्रमुख माध्यम बना शेयर बाजार, हर साल जुटा रहीं करीब 10 लाख करोड़ रुपये : सेबी चेयरमैन

 

मुंबई। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के चेयरमैन तुहिन कांत पांडे ने कहा है कि शेयर बाजार कंपनियों के लिए पूंजी जुटाने का प्रमुख माध्यम बनकर उभरा है। बीते एक दशक में कंपनियों ने इक्विटी और डेट के जरिए सालाना औसतन करीब 10 लाख करोड़ रुपये की पूंजी जुटाई है।

शुक्रवार को सीआईआई फाइनेंसिंग समिट 2026 को संबोधित करते हुए पांडे ने कहा कि भारत के पूंजी बाजार का तेजी से विस्तार हुआ है। इसके पीछे मजबूत आर्थिक विकास, निवेशकों की बढ़ती भागीदारी और लगातार किए गए नियामकीय सुधारों की अहम भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष में भारतीय इक्विटी बाजार का कुल पूंजीकरण 5 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच गया है।

आईपीओ से 1.5 लाख करोड़ रुपये जुटाए

प्राथमिक बाजार की स्थिति बताते हुए सेबी चेयरमैन ने कहा कि वित्त वर्ष 2027 में अब तक 235 कंपनियां इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (आईपीओ) के जरिए करीब 1.5 लाख करोड़ रुपये जुटा चुकी हैं। यह नई कंपनियों की लिस्टिंग के प्रति निवेशकों के उत्साह को दर्शाता है।

कॉर्पोरेट बॉन्ड से बढ़ा फंडिंग का दायरा

पांडे ने कहा कि कॉर्पोरेट बॉन्ड कंपनियों को पूंजी जुटाने के वैकल्पिक साधन उपलब्ध करा रहे हैं। इससे पारंपरिक बैंक ऋण पर निर्भरता कम करने में मदद मिल रही है। अगस्त 2026 तक बकाया कॉर्पोरेट बॉन्ड का आंकड़ा करीब 62 लाख करोड़ रुपये था, जो उद्योग और सेवा क्षेत्रों को दिए गए बैंक ऋण का लगभग 55 प्रतिशत है।

उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष में अब तक कंपनियों ने बॉन्ड जारी कर 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि जुटाई है।

एआईएफ में 18 लाख करोड़ से अधिक की प्रतिबद्ध पूंजी

सेबी चेयरमैन ने उभरते उद्यमों और व्यवसायों को जोखिम पूंजी उपलब्ध कराने में वैकल्पिक निवेश फंड (एआईएफ) की बढ़ती भूमिका का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि सितंबर 2026 तक एआईएफ का कुल निवेश करीब 7.5 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया था, जबकि इनके लिए प्रतिबद्ध पूंजी 18 लाख करोड़ रुपये से अधिक थी।

पांडे के अनुसार, आर्थिक विकास, निवेशकों की व्यापक भागीदारी और नीतिगत सुधारों ने भारतीय पूंजी बाजार के तंत्र को मजबूत किया है। अब यह भारत के निवेश और विकास संबंधी लक्ष्यों को आगे बढ़ाने वाले प्रमुख स्तंभों में शामिल हो गया है।

Author

Related Articles

Back to top button