फर्जी पासपोर्ट मामले में ATS की बड़ी कार्रवाई, कोलकाता से 3 अफगानी नागरिक गिरफ्तार

जबलपुर। फर्जी भारतीय पासपोर्ट हासिल करने के मामले में जबलपुर आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने कार्रवाई करते हुए 3 अफगानी नागरिकों को कोलकाता से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान आयूब, अब्दुल बारी और असलम के रूप में हुई है। गुरुवार को मेडिकल परीक्षण के बाद तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 23 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
ढाई लाख रुपये में पासपोर्ट बनवाने का आरोप
जांच के अनुसार, भारतीय पासपोर्ट हासिल करने के लिए तीनों आरोपियों ने जबलपुर निवासी सोहबत खान से संपर्क किया था। आरोप है कि प्रति व्यक्ति करीब ढाई लाख रुपये में पासपोर्ट बनवाने का सौदा तय हुआ था। इस मामले में कुल 4 पासपोर्ट जारी होने की जानकारी सामने आई है। इनमें से 3 पासपोर्ट एटीएस ने जब्त कर लिए हैं, जबकि एक पासपोर्ट गलत पते के कारण पासपोर्ट कार्यालय वापस लौट गया था।
जबलपुर के फर्जी पते पर कराया सत्यापन
आरोपियों ने पासपोर्ट आवेदन में जबलपुर के 3 कथित फर्जी पते दर्ज कराए थे। इनमें 300 मोतीनाला तालाब सदर, 410 उपरैनगंज और 870 छोटी ओमती शामिल हैं। इन्हीं पतों के आधार पर आवेदन और सत्यापन प्रक्रिया पूरी कराए जाने के बाद पासपोर्ट जारी होने की बात जांच में सामने आई है।
एटीएस सूत्रों के मुताबिक, तीनों संदिग्ध फर्जी पासपोर्ट और वीजा के सहारे लंबे समय से जबलपुर में रह रहे थे। अब जांच एजेंसी उनके भारत आने के रास्ते और यहां रहने से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही है। मामले में अफगानिस्तान के दूतावास से भी संपर्क किया जा रहा है।
AK-47 की तस्वीर से खुला नेटवर्क
इस मामले की जांच अगस्त 2025 में तब आगे बढ़ी, जब मुख्य आरोपी सोहबत खान की सोशल मीडिया पर AK-47 राइफल के साथ तस्वीर सामने आई। इसके बाद एटीएस ने उसे गिरफ्तार कर नेटवर्क की कड़ियां खंगालनी शुरू कीं। जांच में पता चला कि सोहबत वर्ष 2015 में पश्चिम बंगाल के रास्ते भारत आया था और भोपाल होते हुए जबलपुर पहुंचा था। छोटी ओमती क्षेत्र की एक महिला से निकाह के बाद वह वहीं रहने लगा था।
स्थानीय मददगारों की भूमिका की भी जांच
जांच में अकबर नामक व्यक्ति का पासपोर्ट बनवाने की डील का भी खुलासा हुआ। आरोप है कि इसके लिए 2 से 2.5 लाख रुपये लिए गए थे। जबलपुर निवासी दिनेश गर्ग, महेंद्र कुमार सुखदान और चंदन सिंह पर अकबर के निवास और पहचान से जुड़े दस्तावेज फर्जी पते पर तैयार कराने में सहयोग देने का आरोप है।
अगस्त 2025 में एटीएस ने सोहबत, अकबर, इकबाल सहित जबलपुर के 3 स्थानीय लोगों को गिरफ्तार किया था। एजेंसी अब नए गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर फर्जी पासपोर्ट नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।













