देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

सावरकर के मुद्दे पर शिंदे गुट का उद्धव ठाकरे से सवाल, सोनिया गांधी की किताब को लेकर बढ़ा विवाद

मुंबई। स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर विवाद गहरा गया है। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की पुस्तक में सावरकर के संबंध में की गई कथित टिप्पणियों को लेकर शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की है।

गुरुवार को मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिवसेना प्रवक्ता आनंद परांजपे ने सवाल उठाया कि क्या उद्धव ठाकरे सोनिया गांधी की आत्मकथा में सावरकर के खिलाफ लिखी गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों की निंदा करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि उद्धव ठाकरे ने 2019 में मुख्यमंत्री पद के लिए बालासाहेब ठाकरे के सिद्धांतों और हिंदुत्व की विचारधारा से समझौता किया था।

सोनिया गांधी की किताब को लेकर उठाए सवाल

प्रेस कॉन्फ्रेंस में परांजपे ने एक तस्वीर दिखाते हुए कहा कि इसमें कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंढे सांसद संजय राउत की मौजूदगी में उद्धव ठाकरे को सोनिया गांधी की पुस्तक भेंट करते दिखाई दे रहे हैं। इसी तस्वीर का हवाला देकर उन्होंने पूछा कि क्या उद्धव ठाकरे इस पुस्तक में सावरकर को लेकर की गई टिप्पणियों की सार्वजनिक रूप से निंदा करेंगे। उन्होंने राहुल गांधी के महाराष्ट्र दौरे के दौरान सावरकर पर की गई पूर्व टिप्पणियों को लेकर भी उद्धव गुट से जवाब मांगा।

परांजपे ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि उद्धव ठाकरे बालासाहेब की विचारधारा पर कायम हैं तो उन्हें सोनिया और राहुल गांधी के खिलाफ सार्वजनिक विरोध दर्ज कराना चाहिए।

पुस्तक के पन्ने फाड़कर जताया था विरोध

इससे पहले बुधवार को शिंदे गुट के नेताओं ने मुंबई में सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलोंगिंग : अ जर्नी ऑफ लव’ के पन्ने फाड़कर विरोध प्रदर्शन किया था। पार्टी का दावा है कि पुस्तक के पृष्ठ 201 और 403 पर सावरकर के खिलाफ आपत्तिजनक बातें लिखी गई हैं।

प्रदर्शन के दौरान शिवसेना नेता शाइना एनसी से बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर वाला कागज गलती से फट गया था। इस पर आनंद परांजपे ने कहा कि शाइना एनसी अपनी मानवीय भूल के लिए माफी मांग चुकी हैं। उन्होंने कहा कि बालासाहेब ठाकरे का सम्मान हर शिवसैनिक के लिए सर्वोपरि है।

2004 के आंदोलन का दिया हवाला

परांजपे ने 27 अगस्त 2004 को हुए ‘जोड़े मारो’ आंदोलन का उल्लेख करते हुए उद्धव ठाकरे को पुरानी घटना याद दिलाई। उनके अनुसार, तत्कालीन केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर द्वारा पोर्ट ब्लेयर की सेलुलर जेल से सावरकर की पट्टिका हटाने का आदेश दिए जाने के बाद शिवसेना ने मुंबई के शिवाजी पार्क में प्रदर्शन किया था। परांजपे ने दावा किया कि उस समय बालासाहेब ठाकरे और उद्धव ठाकरे ने भी मणिशंकर अय्यर के पुतले पर चप्पल मारकर विरोध जताया था।

उन्होंने शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत से भी सावरकर के कथित अपमान के मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग उठाने की चुनौती दी।

Author

Related Articles

Back to top button