कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, 25 सचिवों और संयुक्त सचिवों को हटाया; 81 नेताओं को नई जिम्मेदारी

नई दिल्ली। कांग्रेस ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के 25 सचिवों और संयुक्त सचिवों को उनकी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया है। इसके साथ ही पार्टी ने विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और संगठनात्मक विभागों के लिए 81 नेताओं को नई जिम्मेदारी सौंपी है। कांग्रेस अध्यक्ष ने सभी नियुक्तियों और बदलावों को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दी है।
पार्टी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, नए सचिवों को असम, केरल, तमिलनाडु, उत्तराखंड, गुजरात, कर्नाटक, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार, ओडिशा, तेलंगाना, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों का प्रभार दिया गया है।
कई पुराने प्रभारियों की जिम्मेदारी बरकरार
पार्टी ने संचार, प्रचार, मीडिया, सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया से जुड़े विभागों में डॉ. विनीत पुनिया और रुचिरा चतुर्वेदी की जिम्मेदारी बरकरार रखी है। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष कार्यालय का दायित्व फिर से प्रणव झा और गौरव पांधी को सौंपा गया है।
उत्तर प्रदेश में अभिषेक दत्त, वरुण चौधरी, कुणाल चौधरी, जगदीश चंदर जांगिड़, अब्दुल हन्नान और संजीव आर्य को जिम्मेदारी दी गई है। राजस्थान में विश्व विजय सिंह, पोरलाक खार्ते, डॉ. पलक वर्मा और मनोज बागड़ी को सचिव नियुक्त किया गया है।
25 नेताओं को जिम्मेदारी से किया मुक्त
जिम्मेदारी से मुक्त किए गए नेताओं में अंबा प्रसाद, बी.एम. संदीप, चेतन चौहान, चिरंजीव राव, क्रिस्टोफर तिलक, देवेंद्र यादव, दिव्या मदेरणा, मंसूर अली खान, नवीन शर्मा, पी. गोपी, पी. विश्वनाथन, पृथ्वीराज साठे, पूनम पासवान, रोजी एम. जॉन, रुत्विक मकवाना, एस.ए. संपत कुमार, संजना जाटव, शहनवाज आलम, टी.एन. प्रतापन, उषा नायडू और विजय जांगिड़ सहित अन्य नेता शामिल हैं।
पार्टी के आदेश के अनुसार, सभी संगठनात्मक नियुक्तियां और जिम्मेदारियों में किए गए बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं।













