बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

सिवनी होटल कांड में कार्रवाई तेज, निलंबित एएसपी दीपक मिश्रा भोपाल मुख्यालय अटैच

पांच पुलिसकर्मियों को भी किया गया जबलपुर अटैच, डीआईजी राकेश कुमार सिंह को सौंपी गई जांच

सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी में होटल में घुसकर एक कपल को धमकाने के मामले में पुलिस विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। गृह विभाग ने निलंबित एएसपी दीपक मिश्रा और एसडीओपी चंचलेश मरकाम को भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय अटैच कर दिया है। गृह विभाग की सचिव अन्नू भलावी ने 18 नवंबर को इस संबंध में आदेश जारी किए थे।

वहीं, जबलपुर आईजी ने भी कार्रवाई करते हुए कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी, हेड कांस्टेबल नवीन तिवारी, एएसपी के वाहन चालक आरक्षक कृष्ण परते, गनमैन सलमान खान और यातायात प्रभारी विजय बघेल को निलंबित कर रक्षित केंद्र जबलपुर अटैच कर दिया है।

डीआईजी को सौंपी गई जांच

मामले की जांच छिंदवाड़ा रेंज के डीआईजी राकेश कुमार सिंह को सौंपी गई है। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि डीआईजी पहले एएसपी दीपक मिश्रा के साथ पदस्थ रह चुके हैं। इस जानकारी के सामने आने के बाद जांच की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।

15 साल तक सिवनी में रहे पदस्थ

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एएसपी दीपक मिश्रा करीब 15 साल तक सिवनी जिले में अलग-अलग पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। इस दौरान वे घंसौर और कोतवाली थाना प्रभारी, खवासा बॉर्डर पर आरटीओ तथा लखनादौन एसडीओपी के पद पर भी रह चुके हैं।

एसपी को हटाने की भी मांग

होटल कांड को लेकर 19 नवंबर को अधिवक्ताओं और बजरंग दल के प्रतिनिधियों ने डीआईजी को ज्ञापन सौंपकर अन्य पुलिसकर्मियों की संभावित संलिप्तता की जांच कराने की मांग की। वहीं, कुछ अधिवक्ताओं ने 18 नवंबर को मुख्यमंत्री, डीजीपी और राज्यपाल के नाम ज्ञापन देकर सिवनी एसपी कृष्ण लालचंदानी को जिले से हटाने की मांग उठाई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Author

Related Articles

Back to top button