चितरंगी में 22 नवंबर को गोवर्धन पूजा और बिरहा मुकाबले का आयोजन, वाराणसी के मन्नू भगत कराएंगे पूजा
राष्ट्रीय कलाकार उपेंद्र लाल यादव और लक्ष्मी यादव के बीच होगा बिरहा मुकाबला

सिंगरौली। श्री कृष्ण योग पीठ के तत्वावधान में 22 नवंबर 2026, रविवार को चितरंगी खेल मैदान में गोवर्धन पूजा एवं बिरहा मुकाबले का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे पूजा-अर्चना के साथ होगी, जबकि शाम 7 बजे से राष्ट्रीय कलाकारों का बिरहा कार्यक्रम आयोजित होगा।
आयोजकों के अनुसार, वाराणसी से आ रहे पुजारी मन्नू भगत गोवर्धन पूजा संपन्न कराएंगे। इस दौरान उनके द्वारा खौलते दूध में स्नान, खौलते घी से हाथों से पूड़ी निकालने और अग्निकुंड में प्रवेश जैसे प्रदर्शन किए जाएंगे। समिति ने इन प्रस्तुतियों को कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बताया है।
उपेंद्र लाल यादव और लक्ष्मी यादव के बीच मुकाबला
पूजा के बाद शाम को बिरहा का रंगारंग मुकाबला होगा। इसमें वाराणसी के राष्ट्रीय कलाकार उपेंद्र लाल यादव और मिर्जापुर की सुश्री लक्ष्मी यादव अपनी प्रस्तुतियां देंगे। दोनों कलाकारों के बीच होने वाले बिरहा मुकाबले को लेकर आयोजकों में उत्साह है।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर गोवर्धन पूजा समिति चितरंगी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता खेल मैदान में उपस्थित रहे। इस दौरान अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के जिला अध्यक्ष राम दयाल यादव, डायरेक्टर लाला प्रसाद यादव, देवगांव सरपंच ईश्वरी यादव, समिति अध्यक्ष राम लल्लू यादव, कोषाध्यक्ष रामसखा यादव, सचिव रिंकू सिंह यादव सहित राम प्रसाद यादव, नागेंद्र यादव, पिंटू यादव, भोलानाथ यादव और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं और नागरिकों से 22 नवंबर को चितरंगी खेल मैदान पहुंचकर गोवर्धन पूजा में शामिल होने तथा बिरहा कार्यक्रम का आनंद लेने की अपील की है।













