सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल का 40वां वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न, प्रतिभावान विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
विधायक रामनिवास शाह एवं पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में विद्यार्थियों ने दी रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

सिंगरौली। वैढ़न के विलौजी स्थित सेंट जोसेफ कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में विद्यालय के 40वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में वार्षिकोत्सव समारोह हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि पुलिस अधीक्षक सिंगरौली एम के षियाज विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 42 के पार्षद संतोष शाह, जनपद पंचायत देवसर के अध्यक्ष प्रणव पाठक सहित विद्यालय के प्राचार्य, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य, संगीत एवं विविध रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समारोह में उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का खूब ध्यान आकर्षित किया और पूरे कार्यक्रम में उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।

इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, सांस्कृतिक एवं नैतिक विकास भी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
मुख्य अतिथि विधायक रामनिवास शाह ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विद्यालय परिवार को 40वें स्थापना वर्ष की बधाई देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं पुलिस अधीक्षक ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाया। विद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि विशिष्ट अतिथियों का मंच पर शाल श्रीफल स्मृति चिन्ह भेंट किया गया !













