बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सांसद के सख्त निर्देश, नशे में वाहन चलाने वालों पर होगी कार्रवाई

दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधार, एनएच-39 पर संकेतक लगाने और परसोना-खुटार मार्ग पर एक माह में स्पीड ब्रेकर बनाने के निर्देश

सिंगरौली। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सुरक्षा उपायों की विस्तृत समीक्षा की गई। सांसद ने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ समय-सीमा में कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।बैठक में विधायक रामनिवास शाह, राजेंद्र मेश्राम, कुंवर सिंह टेकाम, महापौर रानी अग्रवाल, कलेक्टर अंकित अस्थाना, जिला पंचायत सीईओ संघप्रिय, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, जनपद अध्यक्ष देवसर प्रणव पाठक, जनपद अध्यक्ष चितरंगी सिया दुलारी और विधायक प्रतिनिधि रविन्द्र चतुर्वेदी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

दुर्घटना संभावित स्थलों पर होंगे सुधार
सांसद ने दुर्घटना संभावित स्थलों (हॉटस्पॉट) को चिन्हित कर वहां प्राथमिकता से सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा प्रमुख मार्गों से अतिक्रमण हटाने और आवश्यकतानुसार सड़कों का चौड़ीकरण कराने को कहा।

रात्रिकालीन यातायात को सुरक्षित बनाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-39 सहित प्रमुख मार्गों पर संकेतक, डायवर्जन बोर्ड, रिफ्लेक्टिव और रेडियम पट्टियां लगाने के निर्देश दिए गए। सांसद ने कहा कि वाहन चालकों को रात में सड़क की स्थिति, मोड़ और दुर्घटना संभावित स्थलों की स्पष्ट जानकारी मिलनी चाहिए।

तीन दिन में फिटनेस और लाइसेंस की जांच
लोक निर्माण विभाग, एमपी जेएसवाई, एमपीआरडीसी और एनएचएआई को अपने-अपने क्षेत्र की सड़कों का सर्वे कर गड्ढों और क्षतिग्रस्त किनारों की पहचान कर तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। विद्यालयों और चिकित्सालयों के आसपास आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर बनवाने को कहा गया। विशेष रूप से परसोना-खुटार मार्ग पर एक माह के भीतर स्पीड ब्रेकर निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
परिवहन विभाग को वाहनों की फिटनेस जांच एवं प्रमाणन की प्रक्रिया तीन दिवस के भीतर पूरी करने को कहा गया। साथ ही वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की अनिवार्य जांच और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

हाट-बाजार और भारी वाहनों के रूट होंगे व्यवस्थित
सांसद ने प्रमुख मार्गों पर लगने वाले हाट-बाजारों को अन्य उपयुक्त स्थानों पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। संबंधित ग्राम पंचायतों को बाजार संचालन के लिए स्थल चिन्हित करने को कहा गया, ताकि मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बने। मार्गों पर अनावश्यक रूप से बड़े वाहनों की पार्किंग पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए।
क्रेशर प्लांट से गिट्टी, रेत और राखड़ परिवहन करने वाले वाहनों को निर्धारित रूट का पालन कराने पर जोर दिया गया। तय मार्ग से हटकर परिवहन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा परिवहन के कारण सड़क क्षतिग्रस्त होने पर संबंधित परिवहनकर्ताओं की जिम्मेदारी तय करने को कहा गया।
बैठक में अपर कलेक्टर पी.एस. त्रिपाठी, एसडीएम सुरेश जाधव, एसडीएम चितरंगी देवेंद्र द्विवेदी, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान, जिला परिवहन अधिकारी मनीष त्रिपाठी, लोक निर्माण विभाग की कार्यपालन यंत्री तेजस्वनी शुक्ला और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Author

Related Articles

Back to top button