देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

मणिपुर में जहरीली शराब का कहर, 15 लोगों की मौत

600 से अधिक लोग अस्पताल में भर्ती, 3 की हालत गंभीर; मेथनॉल मिलाने की आशंका में करीब 10 गिरफ्तार

इंफाल। मणिपुर के चंदेल जिले में जहरीली शराब पीने से 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 600 से अधिक लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें 3 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले 2 से 3 दिनों के दौरान शराब पीने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग इसकी चपेट में आ गए।

पुलिस के अनुसार, प्रभावित लोगों ने शराब काकचिंग जिले के सुगनू इलाके से खरीदी थी। जांच में शराब में मेथनॉल मिलाए जाने की आशंका जताई गई है। चंदेल जिले में स्थानीय स्तर पर शराब बनाए जाने के प्रमाण नहीं मिले हैं। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि दूसरे इलाके से शराब लाकर यहां बेची गई। मामले में अब तक करीब 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस शराब की आपूर्ति करने वालों की तलाश कर रही है।

गौरतलब है कि वर्ष 2026 में मध्य प्रदेश और गुजरात सहित देश के 6 राज्यों में जहरीली शराब पीने से 120 से अधिक लोगों की मौत होने की बात सामने आई है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं अवैध शराब के कारोबार और उसकी निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।

Author

Related Articles

Back to top button