ओडिशा के ऊपर कमजोर पड़ा चक्रवात अकवान, कम दबाव के क्षेत्र में बदला

भुवनेश्वर। ओडिशा के तटों को पार करने के बाद चक्रवाती तूफान अकवान कमजोर पड़ गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे यह मध्य ओडिशा के ऊपर कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया। मौसम विभाग ने बताया कि सिस्टम उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है और अगले 6 घंटों में इसके और कमजोर होने की संभावना है।
इससे पहले शुक्रवार सुबह अकवान ने 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ गोपालपुर के पास उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार किया था। तूफान के प्रभाव से शुक्रवार को ओडिशा के कई इलाकों में भारी बारिश हुई। भुवनेश्वर और कटक में जलभराव की स्थिति बनी, जबकि कुछ स्थानों पर भूस्खलन की भी सूचना मिली।
चक्रवात के मद्देनजर दक्षिण पूर्व रेलवे ने 28 एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया था। इनमें अधिकांश ट्रेनें पुरी जाने वाली या वहां से गुजरने वाली थीं।
आईएमडी ने शनिवार के लिए 14 जिलों में ऑरेंज और 11 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। मयूरभंज और बालासोर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। राहत की बात यह है कि अब तक चक्रवात से किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है।












