देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

आईआईटी खड़गपुर में बोले पीएम मोदी, “मैं चुनौतियों को चुनौती देता हूं”

प्लेटिनम जुबली समारोह में 75 वर्ष पूरे होने पर जारी किया स्मारक सिक्का, युवाओं से नवाचार और साहस के साथ आगे बढ़ने का आह्वान

कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल स्थित आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में हिस्सा लिया। संस्थान के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उन्होंने स्मारक सिक्का जारी किया और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका सामना करने का साहस होना चाहिए। उन्होंने कहा, “मैं चुनौतियों को चुनौती देता हूं।” युवाओं को असंभव को संभव बनाने के लिए खुद को तैयार करना चाहिए। ठहरी हुई सोच के साथ जीवन नहीं जिया जा सकता।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आईआईटी खड़गपुर ने अपनी 75 वर्षों की यात्रा में देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। जब संस्थान की शुरुआत हुई थी, तब देश में पहला आम चुनाव भी नहीं हुआ था। उस दौर में भारत को इंजीनियरों की आवश्यकता थी और यहां से निकले विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाई। बाद में सॉफ्टवेयर विकास के दौर में भी संस्थान के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

मोदी ने कहा कि आज आईआईटी खड़गपुर में भारत का अतीत, वर्तमान और भविष्य एक साथ दिखाई देता है। पिछले 75 वर्षों में देश ने बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन और डाक पत्रों से सोशल मीडिया तक का सफर तय किया है। उन्होंने नवाचार और नए विचारों के माध्यम से देश को आगे बढ़ाने में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

प्रधानमंत्री ने संस्थान के ऐतिहासिक परिसर का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां कभी स्वतंत्रता सेनानियों को डिटेंशन कैंप में रखा जाता था। आज उसी स्थान पर युवा देश के भविष्य को नई दिशा देने की तैयारी कर रहे हैं।

उन्होंने आईआईटी की छात्र संस्कृति की चर्चा करते हुए कहा कि यहां हॉस्टल नहीं, बल्कि ‘हॉल्स’ की अपनी अलग पहचान है। विद्यार्थियों को अपने हॉल पर गर्व होता है और दिवाली उत्सव सहित हॉलों के बीच होने वाली प्रतियोगिताएं विशेष महत्व रखती हैं। प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों, कर्मचारियों और पूर्व छात्रों को प्लेटिनम जुबली की बधाई दी। खराब मौसम के कारण सड़क मार्ग से पहुंचने और कार्यक्रम में देरी होने पर उन्होंने उपस्थित लोगों से क्षमा भी मांगी।

Author

Related Articles

Back to top button