देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

मणिपुर में मुठभेड़, केसीपी का एक उग्रवादी ढेर

इंफाल वेस्ट में तलाशी अभियान के दौरान हुई गोलीबारी, प्रतिबंधित संगठन के कई अन्य सदस्य गिरफ्तार

इंफाल। मणिपुर के इंफाल वेस्ट जिले में शुक्रवार सुबह सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में प्रतिबंधित संगठन कांगलेइपाक कम्युनिस्ट पार्टी (केसीपी) से जुड़े एक उग्रवादी की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा बल पटसोई थाना क्षेत्र के युरेम्बाम में तलाशी अभियान चला रहे थे। इसी दौरान गोलीबारी शुरू हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक उग्रवादी मारा गया।

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान प्रतिबंधित संगठन से जुड़े कई अन्य उग्रवादियों को भी गिरफ्तार किया गया है। सुरक्षा बलों और पुलिस द्वारा संवेदनशील इलाकों में ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले दिल्ली में प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी का एक वांछित उग्रवादी पकड़ा गया था, जिसे बाद में मणिपुर पुलिस को सौंप दिया गया।

गौरतलब है कि मणिपुर में मई 2023 में मैतेई और कुकी समुदायों के बीच जातीय संघर्ष शुरू होने के बाद से संवेदनशील क्षेत्रों में तलाशी अभियान जारी हैं। इस हिंसा में अब तक कम से कम 306 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 49 लोग लापता बताए गए हैं। हजारों लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हुए हैं।

दोनों समुदायों के बीच संघर्ष की प्रमुख वजहों में भूमि अधिकार, आरक्षण और पहचान से जुड़े मुद्दे शामिल हैं। मैतेई समुदाय को अनुसूचित जनजाति सूची में शामिल करने की मांग का कुकी समुदाय विरोध करता रहा है। इस विवाद ने राज्य में लंबे समय से तनाव की स्थिति बनाए रखी है।

Author

Related Articles

Back to top button