8 साल बाद पाकिस्तान के ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन को रवाना हुआ कोटा का सिख जत्था
ओम बिरला के प्रयासों से 12 श्रद्धालुओं को मिला वीजा, 22 नवंबर को वाघा बॉर्डर पार कर ननकाना साहिब में टेकेंगे मत्था

कोटा। लगभग 8 साल के लंबे इंतजार के बाद कोटा के 12 सिख श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन के लिए रवाना हो गया है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के विशेष प्रयासों से सभी श्रद्धालुओं को पाकिस्तान का वीजा मिल सका। शुक्रवार सुबह श्रद्धालु स्वर्ण मंदिर मेल से अमृतसर के लिए रवाना हुए। कोटा रेलवे स्टेशन पर महापौर अनसुइया गोस्वामी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत कर सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
श्रद्धालुओं के अनुसार, वर्ष 2019 में कोटा से अंतिम बार सिख श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान गया था। इसके बाद कोरोना महामारी और सोसायटी के तत्कालीन प्रधान के निधन के कारण आवश्यक प्रक्रिया एवं विभागीय औपचारिकताओं की जानकारी के अभाव में यात्रा का सिलसिला रुक गया था। इस बार ओम बिरला के कार्यालय ने संबंधित विभागों से समन्वय कर श्रद्धालुओं के नामों की क्लियरेंस दिलवाई। इसके बाद पासपोर्ट समय पर पाकिस्तान दूतावास पहुंचे और सभी 12 श्रद्धालुओं को वीजा जारी कर दिया गया। वीजा मिलने की सूचना गुरुवार को प्राप्त हुई, जिसके बाद समाज में खुशी का माहौल बन गया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, जत्था 22 नवंबर को अमृतसर से वाघा बॉर्डर पहुंचेगा। इमिग्रेशन की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद श्रद्धालु ननकाना साहिब जाएंगे और गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के कार्यक्रमों में शामिल होकर मत्था टेकेंगे। इसके बाद 25 नवंबर को रावलपिंडी के पास गुरुद्वारा पंजा साहिब, 27 नवंबर को गुरुद्वारा करतारपुर साहिब, 28 नवंबर को गुरुद्वारा रोरी साहिब एमनाबाद और 29 नवंबर को लाहौर स्थित गुरुद्वारा डेरा साहिब में दर्शन करेंगे।
लाहौर में 2 दिन रुकने के बाद जत्था 1 दिसंबर को भारत लौटेगा। वर्षों से इस यात्रा की प्रतीक्षा कर रहे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। सिख समाज के लिए यह यात्रा धार्मिक आस्था के साथ लंबे समय से अधूरी इच्छा पूरी होने का अवसर भी है।












