दिल्ली-एनसीआर में बढ़ी ठंड, 327 तक पहुंचा एक्यूआई; कई इलाकों में हवा बेहद खराब
इस सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री दर्ज, अगले दिनों में पारा 2 से 3 डिग्री और गिरने का अनुमान

नई दिल्ली । दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में सर्दी का असर बढ़ने के साथ वायु प्रदूषण की स्थिति भी चिंताजनक होती जा रही है। शनिवार, 21 नवंबर 2026 की सुबह दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है। सुबह सर्द हवाओं और कुछ स्थानों पर हल्की धुंध के कारण लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा।
तापमान में गिरावट के बीच हवा की गुणवत्ता भी खराब बनी हुई है। शनिवार सुबह 8:20 बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 327 दर्ज किया गया। राजधानी के कई इलाकों में स्थिति इससे भी अधिक खराब रही। सिरिफोर्ट में एक्यूआई 368, चांदनी चौक में 366, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 362, पंजाबी बाग में 360 और सीआरआरआई मथुरा रोड पर 355 दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में मौसमी परिस्थितियां प्रदूषण के अनुकूल नहीं रहने और हवा की गति धीमी होने से स्थिति और बिगड़ सकती है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस था। अगले कुछ दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की और गिरावट का अनुमान है। समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में उतार-चढ़ाव भी संभव है। शनिवार को हवा खराब, जबकि रविवार को बेहद खराब श्रेणी में रहने की आशंका जताई गई है।
इस बीच, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने एनसीआर में 5 से 20 नवंबर तक निर्माण गतिविधियों पर लगाए गए प्रतिबंध हटा दिए थे। हालांकि, दिल्ली सरकार की शीतकालीन प्रदूषण नियंत्रण व्यवस्था के तहत ये प्रतिबंध 31 जनवरी तक जारी रहेंगे। ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के पहले और दूसरे चरण के प्रतिबंध भी लागू हैं।
प्रदूषण नियंत्रण के लिए सरकार ने 108 मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनें लगाने और करीब 80 लाख पौधों के रोपण सहित कई कदम उठाए हैं। सरकार के अनुसार, 31 अक्टूबर को दिल्ली का औसत एक्यूआई 166 था, जो पिछले साल की तुलना में बेहतर था। लेकिन नवंबर के दूसरे पखवाड़े में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा है।












