6 साल के बच्चे को खेलते-खेलते मिला 50 करोड़ साल पुराना दुर्लभ जीवाश्म
नेब्रास्का के पार्क में मिला 2.75 इंच का कोनुलेरिड जीवाश्म, 55 साल बाद दर्ज हुई इस तरह की नई खोज

वाशिंगटन । अमेरिका के नेब्रास्का में पार्क में खेल रहे 6 साल के बच्चे को ऐसा दुर्लभ जीवाश्म मिला है, जिसने वैज्ञानिकों का ध्यान खींच लिया है। करीब 50 करोड़ साल पुराने माने जा रहे इस जीवाश्म को ‘कोनुलेरिड’ की पहचान दी गई है। बताया गया है कि नेब्रास्का में पिछले 55 वर्षों से इस तरह का कोई नया जीवाश्म दर्ज नहीं हुआ था।
यह खोज ‘रैफ्टिंग एंड रॉक्स’ नाम के एक कार्यक्रम के दौरान हुई। बच्चा पार्क की चूना पत्थर वाली चट्टानों के बीच जीवाश्म तलाश रहा था। इसी दौरान उसे एक पत्थर पर चमचमाती और उभरी हुई अजीब धारियां दिखाई दीं। उसने पत्थर उठाकर पार्क में बच्चों को जीवाश्म खोजने में मदद करने वाली आउटडोर एजुकेशन स्पेशलिस्ट केली इक्यू को दिखाया।
केली ने पत्थर पर बने निशान को पार्क में आमतौर पर मिलने वाले क्रिनॉइड्स और ब्रायोजोन्स जैसे जीवाश्मों से अलग पाया। उन्होंने इसकी तस्वीर लेकर विशेषज्ञों को भेजी। जांच के बाद विशेषज्ञों ने इसे करीब 2.75 इंच का कोनुलेरिड जीवाश्म इंप्रेशन बताया। इसमें प्राचीन जीव के शरीर का बाहरी पैटर्न चूना पत्थर पर सुरक्षित मिला है।
कोनुलेरिड प्राचीन समुद्री जीव थे, जो लगभग 20 करोड़ से 50 करोड़ साल पहले महासागरों में पाए जाते थे। नेब्रास्का गेम एंड पार्क्स के अनुसार, इनका आकार कुछ-कुछ जेलीफिश जैसा और उल्टे पिरामिड की तरह होता था। इनके बाहरी हिस्से पर धारियां होती थीं और शरीर का निचला हिस्सा नुकीला होता था। माना जाता है कि इससे इन्हें समुद्र की तलहटी से जुड़े रहने या उथले पानी में रहने में मदद मिलती थी।
इन जीवों का शरीर बेहद नाजुक और पतले खोल वाला होता था। इसी वजह से इनके अवशेष जीवाश्म बनने से पहले ही नष्ट हो जाते थे और इनके स्पष्ट निशान मिलना दुर्लभ है।
वैज्ञानिकों के अनुसार, यह खोज इस बात का संकेत भी देती है कि करोड़ों साल पहले नेब्रास्का का पूर्वी हिस्सा उथले समुद्र के नीचे रहा होगा। बच्चे की इस अनोखी खोज से क्षेत्र के प्राचीन समुद्री इतिहास को समझने में मदद मिल सकती है।












