पन्नू हत्या साजिश मामले में निखिल गुप्ता को 19 साल 7 महीने की जेल
अदालत में जताया पछतावा, अपनी गलतियों के लिए मांगी माफी; कहा- काश 2023 में लौटकर उन्हें सुधार पाता

न्यूयॉर्क । खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की नाकाम साजिश में भूमिका के मामले में अमेरिकी संघीय अदालत ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को 19 साल 7 महीने जेल की सजा सुनाई है। न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले के अमेरिकी जिला जज विक्टर मारेरो ने शुक्रवार को करीब 80 मिनट की सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया। गुप्ता को कुल 235 महीने जेल में बिताने होंगे। सजा सुनाए जाने से पहले उसने अदालत में अपने किए पर पछतावा जताते हुए माफी मांगी।
55 वर्षीय निखिल गुप्ता ने फरवरी 2026 में अपने खिलाफ लगाए गए 3 आरोपों को स्वीकार किया था। इनमें सुपारी देकर हत्या कराने, हत्या की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश के आरोप शामिल थे। अमेरिकी अभियोजकों के अनुसार, मामला वर्ष 2023 में न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या की कथित योजना से जुड़ा है।
डीईए के गोपनीय सूत्र से किया था संपर्क
अभियोजन पक्ष के मुताबिक, गुप्ता ने जिस व्यक्ति से कथित अपराध के लिए संपर्क किया था, उसे वह साजिश में सहयोगी समझ रहा था, जबकि वह अमेरिकी ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (डीईए) का गोपनीय सूत्र था। जांच के दौरान अमेरिकी एजेंसियों के अंडरकवर अधिकारियों ने भी भूमिका निभाई और कथित साजिश से जुड़े सबूत जुटाए। गुप्ता को जून 2023 में चेक गणराज्य में गिरफ्तार किया गया था। जून 2024 में उसे अमेरिका प्रत्यर्पित किया गया।
विकास यादव का भी आया नाम
अमेरिकी अभियोजकों ने इस मामले में विकास यादव का नाम भी लिया है। आरोप है कि यादव ने गुप्ता को कथित हत्या की योजना के लिए निर्देश दिए थे। अमेरिकी अधिकारियों ने यादव को भारतीय सरकारी कर्मचारी बताया है। हालांकि, वह अब तक गिरफ्तार नहीं हुआ है और उसके खिलाफ लगाए गए आरोप अदालत में साबित नहीं हुए हैं।
पन्नू ने भी अदालत में रखी अपनी बात
सजा से पहले गुप्ता ने कहा कि काश वह वर्ष 2023 में वापस जाकर अपनी गलतियों को सुधार पाता। उसने पन्नू, अपने परिवार और उन सभी लोगों से माफी मांगी, जिन्हें उसके कदमों से परेशानी हुई। वहीं पन्नू ने अदालत को बताया कि अपनी जान को खतरे की जानकारी सामने आने के बाद वह 1,200 दिनों से अधिक समय तक नियमित रूप से वकालत का काम नहीं कर सका।
भारत-अमेरिका संबंधों पर भी पड़ा असर
यह मामला भारत और अमेरिका के संबंधों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण रहा है। अमेरिकी अभियोजकों ने कथित साजिश में एक भारतीय सरकारी कर्मचारी की भूमिका का आरोप लगाया था। भारत ने सरकारी संलिप्तता के आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि ऐसी गतिविधियां उसकी सरकारी नीति के खिलाफ हैं।
पन्नू अमेरिका और कनाडा की दोहरी नागरिकता रखते हैं तथा पंजाब को भारत से अलग कर स्वतंत्र खालिस्तान बनाने की मांग करने वाले संगठन का नेतृत्व करते हैं। भारत ने पन्नू और उसके संगठन पर प्रतिबंध लगा रखा है।












