मां को श्रद्धांजलि देते समय भावुक हुए योगी आदित्यनाथ, पंचूर में नम हुईं आंखें
पैतृक आवास पहुंचकर मां सावित्री देवी के पार्थिव शरीर पर अर्पित किए पुष्प, अंतिम दिनों में लगातार परिजनों से लेते रहे थे स्वास्थ्य की जानकारी

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार शाम अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे तो माहौल बेहद भावुक हो गया। शाम 4:55 बजे पैतृक आवास पहुंचते ही उन्होंने मां सावित्री देवी के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मां के सामने कुछ देर तक मौन खड़े रहे। इस दौरान उनकी आंखें नम हो गईं। योगी को भावुक देखकर वहां मौजूद ग्रामीणों और रिश्तेदारों की आंखें भी भर आईं।
घर पहुंचने पर योगी ने परिजनों से मां की तबीयत और उनके अंतिम दिनों के बारे में जानकारी ली। उनके गांव पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग पैतृक आवास पर अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने पहुंचने लगे। गांव के लोगों के साथ दूर-दराज से आए रिश्तेदारों और परिचितों ने भी सावित्री देवी को अंतिम विदाई दी। पूरे गांव में शोक का माहौल रहा।
संन्यास लेने के बाद योगी आदित्यनाथ ने सांसारिक जीवन और पारिवारिक मामलों से दूरी बनाए रखी, लेकिन मां से उनका भावनात्मक जुड़ाव हमेशा बना रहा। वे समय-समय पर पंचूर जाकर मां से मिलते थे। मुख्यमंत्री बनने के बाद मई 2022 में पहली बार मां से मिलने पैतृक गांव पहुंचे थे। उस दौरान उन्होंने मां के पैर छूकर आशीर्वाद लिया था। मां सावित्री देवी से उनकी आखिरी मुलाकात 8 मई को हुई थी, जब वे दो दिवसीय दौरे पर पंचूर पहुंचे थे।
मां के स्वास्थ्य की लेते रहते थे जानकारी
सावित्री देवी का स्वास्थ्य पिछले एक वर्ष से खराब चल रहा था। जून 2024 और अक्टूबर 2024 में गंभीर हालत के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय मुख्यमंत्री योगी उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे। उनकी बहन शशि पयाल के अनुसार, मां की तबीयत खराब होने के कारण वे फोन पर बात नहीं कर पा रही थीं, लेकिन योगी अपने भाइयों से लगातार संपर्क में रहकर उनका हालचाल लेते रहते थे।
संन्यास के बाद मां से ली थी पहली भिक्षा
योगी आदित्यनाथ का मां से जुड़ाव उनके संन्यास के बाद भी बना रहा। वर्ष 1998 में संन्यास लेने के चार साल बाद जब वे पंचूर पहुंचे थे, तब परंपरा के अनुसार उन्होंने मां से पहली भिक्षा ली थी। सावित्री देवी ने उन्हें फल, चावल और पैसे दिए थे। बहन शशि पयाल के मुताबिक, उस समय मां के साथ पूरा परिवार भावुक हो गया था और सभी की आंखें नम थीं। मां को श्रद्धांजलि देते समय पंचूर में एक बार फिर वही भावुक दृश्य देखने को मिला।











