बराक मिसाइल सिस्टम के अपग्रेडेशन और 8 नए युद्धपोतों से बढ़ेगी नौसेना की ताकत
इजरायली एजेंसी के साथ 1,976 करोड़ रुपये का करार, 53,866 करोड़ रुपये में बनाए जाएंगे नेक्स्ट जेनरेशन कॉर्वेट

नई दिल्ली । भारतीय नौसेना की समुद्री सुरक्षा और रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने के लिए सरकार ने दो महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। नौसेना के जहाजों पर तैनात बराक पॉइंट डिफेंस मिसाइल सिस्टम के अपग्रेडेशन के लिए इजरायली एजेंसी के साथ करीब 211.48 मिलियन डॉलर यानी 1,976 करोड़ रुपये का समझौता किया गया है। इसके साथ ही नौसेना के लिए 8 अत्याधुनिक नेक्स्ट जेनरेशन कॉर्वेट की खरीद को भी मंजूरी दी गई है।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, मिसाइल सिस्टम के अपग्रेडेशन और प्रबंधन से संबंधित समझौते पर नई दिल्ली में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए। इसका उद्देश्य युद्धपोतों पर तैनात वायु रक्षा प्रणाली की क्षमता बढ़ाना है। इसके तहत सिस्टम के हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर में सुधार किया जाएगा तथा तकनीकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इससे नौसेना के जहाजों की हवाई और मिसाइल हमलों से बचाव की क्षमता मजबूत होने की उम्मीद है।
53,866 करोड़ रुपये में बनेंगे 8 कॉर्वेट
नौसेना की समुद्री ताकत बढ़ाने के लिए इस महीने की शुरुआत में 8 नेक्स्ट जेनरेशन कॉर्वेट के निर्माण के अनुबंध भी किए गए हैं। कुल 53,866 करोड़ रुपये के इन समझौतों पर गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड (जीआरएसई) और गोवा शिपयार्ड लिमिटेड (जीएसएल) के साथ हस्ताक्षर हुए हैं। परियोजना के तहत जीआरएसई 5 और जीएसएल 3 कॉर्वेट का निर्माण करेगी।
इस परियोजना को देश की स्वदेशी युद्धपोत डिजाइन और निर्माण क्षमता के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसे भारत के स्वदेशी जहाज निर्माण इकोसिस्टम के लिए अच्छी खबर बताया था।
समुद्री निगरानी में अहम भूमिका निभाते हैं कॉर्वेट
कॉर्वेट अपेक्षाकृत छोटे, तेज गति से चलने वाले और आधुनिक हथियारों से लैस युद्धपोत होते हैं। इनका इस्तेमाल समुद्री निगरानी, पनडुब्बियों और दुश्मन के जहाजों से मुकाबले तथा तटीय सुरक्षा के लिए किया जाता है। आकार में फ्रिगेट और विध्वंसक युद्धपोतों से छोटे होने के बावजूद ये नौसेना के बेड़े की परिचालन क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।











