देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

चंद्रपुर के बाल सुधार गृह से फरार हुईं 6 बालिकाएं, हिंगणघाट से सुरक्षित बरामद

टूटी कांच की बोतल से सुरक्षा रक्षक को धमकाकर दीवार फांदी, 35 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद मिली सफलता

चंद्रपुर । महाराष्ट्र के चंद्रपुर स्थित सिविल लाइन्स के जिला सरकारी बाल सुधार गृह से 19 नवंबर की रात 6 बालिकाएं फरार हो गईं। बताया गया है कि बालिकाओं ने सुरक्षा रक्षक को टूटी हुई कांच की बोतल से धमकाया और दीवार फांदकर परिसर से बाहर निकल गईं। घटना के बाद पुलिस और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तलाश अभियान चलाकर सभी बालिकाओं को वर्धा जिले के हिंगणघाट से सुरक्षित बरामद कर लिया।

समुपदेशन के लिए आई बालिका ने बनाई योजना

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना वाले दिन एक बालिका को समुपदेशन के लिए बाल सुधार गृह लाया गया था। बताया जा रहा है कि उसी ने अन्य बालिकाओं के साथ मिलकर फरार होने की योजना बनाई। इसके तहत कांच की बोतल तोड़कर सुरक्षा रक्षक की गर्दन पर रखी गई और उसे धमकाया गया। इसके बाद सभी 6 बालिकाएं एक-एक कर दीवार फांदकर परिसर से बाहर निकल गईं।

35 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तलाश अभियान शुरू कर दिया। बालिकाओं का सुराग पाने के लिए चंद्रपुर शहर के करीब 35 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस ने रातभर अलग-अलग इलाकों में गश्त और तलाशी अभियान चलाया।

जांच के दौरान बालिकाओं के वर्धा जिले के हिंगणघाट क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। इसके बाद चंद्रपुर पुलिस ने हिंगणघाट पुलिस से संपर्क किया। स्थानीय पुलिस ने अभियान चलाकर सभी 6 बालिकाओं को खोज निकाला और सुरक्षित चंद्रपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

सभी बालिकाओं के सुरक्षित मिलने से प्रशासन ने राहत की सांस ली है, लेकिन एक साथ 6 बालिकाओं के बाल सुधार गृह से फरार होने की घटना ने संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुरक्षा रक्षक को धमकाकर परिसर की दीवार फांदने की घटना निगरानी व्यवस्था और कर्मचारियों की सतर्कता पर सवाल उठाती है। अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि सुरक्षा में चूक किन परिस्थितियों में हुई।

Author

Related Articles

Back to top button