ठंड के चलते सिंगरौली में सुबह 9 बजे से पहले नहीं खुलेंगे स्कूल, 23 नवंबर से नया समय लागू
कक्षा 8वीं तक के विद्यार्थियों को मिलेगी राहत, कलेक्टर अंकित अस्थाना ने सभी बोर्डों के विद्यालयों के लिए जारी किया आदेश

सिंगरौली। जिले में ठंड के बढ़ते असर और तापमान में संभावित गिरावट को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के संचालन समय में बदलाव किया है। बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के मद्देनजर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अंकित अस्थाना ने 21 नवंबर 2026 को आदेश जारी कर प्री-प्राइमरी से कक्षा 8वीं तक के विद्यालयों के समय में संशोधन किया है। नया आदेश 23 नवंबर 2026 से प्रभावशील होगा।आदेश क्रमांक 5599/शिक्षा/सामान्य/2026 के अनुसार जिले में संचालित सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों के साथ सीबीएसई, आईसीएसई तथा अन्य बोर्डों से संबद्ध स्कूलों में भी यह व्यवस्था लागू रहेगी। अब इन विद्यालयों का संचालन आगामी आदेश तक सुबह 9:00 बजे से पहले नहीं किया जाएगा।
सभी बोर्डों के विद्यालयों पर लागू होगा आदेश
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश जिले के सभी संबंधित विद्यालयों के लिए अनिवार्य होगा। इसका उद्देश्य सुबह के समय ठंड और तापमान में गिरावट के दौरान छोटे बच्चों को होने वाली परेशानी से बचाना है। विद्यालय प्रबंधन को नए समय के अनुसार संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं पर नहीं पड़ेगा असर
कलेक्टर के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं और मूल्यांकन कार्य पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार ही संचालित होंगे। स्कूलों के सामान्य संचालन समय में बदलाव का परीक्षाओं और मूल्यांकन कार्य पर असर नहीं पड़ेगा।आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित शिक्षा अधिकारियों और जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों तथा संस्था प्रमुखों को निर्देश जारी किए गए हैं। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।











