कलेक्टर ने सिविल अस्पताल बरगवां का किया निरीक्षण, निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
अस्पताल शुरू होने से पहले पेयजल, साफ-सफाई और सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की हिदायत

सिंगरौली/ मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत तहसील मुख्यालय देवसर में आयोजित शिविर के दौरान कलेक्टर अंकित अस्थाना ने निर्माणाधीन सिविल अस्पताल बरगवां का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल भवन के विभिन्न वार्डों का अवलोकन कर निर्माण कार्यों की प्रगति, उपलब्ध सुविधाओं और शेष कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।
कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री पीआईयू को निर्देश दिए कि अस्पताल के शेष निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराए जाएं, ताकि अस्पताल को शीघ्र शुरू कर क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और किसी भी आवश्यक कार्य को अधूरा छोड़कर अस्पताल शुरू करने की स्थिति निर्मित न हो।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पेयजल व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता देते हुए निर्देशित किया कि जल निगम की योजना अथवा नगर परिषद के माध्यम से अस्पताल परिसर में नियमित एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही साफ-सफाई, आवश्यक सुविधाओं और अस्पताल संचालन से जुड़ी सभी बुनियादी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने को कहा।
कलेक्टर ने अस्पताल प्रारंभ होने से पूर्व सभी निर्धारित एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) का पालन सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन से संबंधित आवश्यक मानकों की पूर्ति करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल शुरू होने से बरगवां सहित आसपास के क्षेत्र के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी और उपचार के लिए दूरस्थ क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता कम होगी।
उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कर अस्पताल को संचालन योग्य बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संघप्रिय उपस्थित रहे।











