बारिश से धान की फसल को भारी नुकसान, किसानों ने सर्वे कराकर मुआवजा देने की मांग उठाई
देवसर, चितरंगी और सरई सहित कई क्षेत्रों में फसल प्रभावित होने की आशंका, प्रशासन से तत्काल निरीक्षण की अपील

सिंगरौली। पिछले 2 दिनों से लगातार खराब मौसम और बारिश के कारण जिले के कई क्षेत्रों में धान की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। खेतों में खड़ी और कटाई के लिए तैयार फसल बारिश की चपेट में आने से किसान चिंतित हैं। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान होने का डर सता रहा है।
देवसर, चितरंगी, सरई सहित जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में मौसम की मार झेल रहे किसानों का कहना है कि लगातार बारिश से उनकी महीनों की मेहनत और फसल पर लगाई गई लागत पर संकट खड़ा हो गया है। खेतों में तैयार खड़ी धान की फसल प्रभावित होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
किसानों ने जिला प्रशासन और कृषि विभाग से प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल मैदानी निरीक्षण कराकर फसल नुकसान का आकलन करने की मांग की है। उनका कहना है कि जिन किसानों की धान की फसल बारिश के कारण खराब हुई है, उनकी सूची तैयार कर नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए।किसानों ने प्रशासन से निष्पक्ष सर्वे कराकर प्रभावितों को जल्द राहत उपलब्ध कराने की अपील की है, ताकि मौसम की मार से हुए नुकसान की भरपाई में उन्हें मदद मिल सके।













